हाथरस तहसील पर शनिवार को लेखपाल संघ ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर धरना प्रदर्शन कर तहसीलदार लक्ष्मीनारायण वाजपेयी को ज्ञापन सौंपा। धरना प्रदर्शन के दौरान संघ के पदाधिकारियों ने बताया कि कई बार ज्ञापन देने और वार्ता होने के बावजूद उनकी समस्याओं का निस्तारण नहीं हो पा रहा है। इस स्थिति से प्रदेशभर के लेखपालों में नाराजगी है, जिसके चलते उन्हें यह कदम उठाना पड़ा।
अधिकारियों को सौंपे गए ज्ञापन में लेखपालों ने कई प्रमुख मांगें उठाईं। इनमें लेखपालों के प्रारंभिक वेतनमान में सुधार, शैक्षणिक योग्यता के अनुसार पदनाम परिवर्तन, एसीपी की विसंगतियों को दूर करने, मृतक आश्रितों के पेंशन संबंधी लंबित मुद्दों का समाधान, स्टेशनरी भत्ता बढ़ाना और वाहन भत्ता अनुमन्य करना शामिल है। लेखपालों का कहना है कि बढ़ते कार्यभार के बावजूद उन्हें मिलने वाली सुविधाएं और भत्ते बेहद कम हैं, जिससे उनके कार्य प्रभावित हो रहे हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि शासन ने जल्द ही सकारात्मक पहल नहीं की, तो उनका आंदोलन और व्यापक रूप ले सकता है। लेखपालों ने उम्मीद जताई कि शासन उनकी समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए शीघ्र समाधान करेगा और उनकी जायज मांगों पर विचार करेगा। इस मौके पर लेखपाल डाल चन्द, बलवीर सिंह, अजीत सिंह, हिमांशु, देशरत्न, कुलदीप सिंह, आकाश वशिष्ठ, योगेंद्र सिंह, जितेंद्र सिंह आदि उपस्थित रहे।