मडराक थाना क्षेत्र के गांव नगला मंदिर के पास सोमवार को एक ईंटों से लदी ट्रैक्टर-ट्राली ने 70 वर्षीय महिला को रौंद दिया। वृद्धा की मौके पर ही मौत हो गई। वृद्धा पड़ियावली निवासी अपनी बहन के घर से लौट रही थी। दुर्घटना देख दौड़े राहगीरों ने ट्रैक्टर चालक को दबोच लिया। इधर, सूचना पर पहुंची पुलिस ने वृद्धा को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।
मडराक थाना क्षेत्र के गांव नगला मंदिर निवासी राजवती देवी (70) की बहू को दो दिन पहले ही बेटा हुआ था। परिजनों के मुताबिक राजवती नाती होने की खुशी में पड़ियावली निवासी अपनी बहन के घर पर लड्डू बांटने गई थी। सोमवार को वहां से लौटकर अपने घर पर आ रही थीं। वाकये के अनुसार वृद्धा जैसे ही आगरा-अलीगढ़ रोड को पार कर रही थीं। इसी दौरान सामने से आते एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्राली ने उन्हें रौंद दिया। वृद्धा की मौके पर मौत हो गई। इधर, घटना देख दौड़े राहगीरों ने ट्रैक्टर चालक को दबोच लिया।
उसकी जमकर पिटाई लगा दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने ट्रैक्टर को जब्त कर चालक को हिरासत में ले लिया। शव की शिनाख्त होने पर पुलिस ने परिजनों को घटना की जानकारी दी। इंस्पेक्टर मडराक के अनुसार महिला के परिजनों की तहरीर के आधार पर चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की तैयारी है। पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया है। इधर, घर में बिखरीं खुशियां पल भर में मातम में बदल गईं। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।