एसबीआई अलीगढ़ की मुख्य शाखा में असिस्टेंट मैनेजर संजय माहेश्वरी पुत्र एसपी माहेश्वरी निवासी जापान हाउस, थाना क्वार्सी, अलीगढ़, पूर्व एजीएम राकेश लवानिया निवासी जापान हाउस, संतोष दीक्षित निवासी सरस्वती विहार, रामघाट रोड, मनोज कुमार सिंह निवासी एडीए कॉलोनी, सासनी गेट यूनियन के नेता गोविंद माहेश्वरी के बेटे की शादी से देर रात 12 बजे आगरा से लौट रहे थे।
बाईपास पर कोटा-कपूरा के पास स्पीड ब्रेकर पर अलीगढ़ से आ रहे कैंटर ने कार को बुरी तरह रौंद दिया। हादसे के बाद कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। इसमें 56 वर्षीय संजय माहेश्वरी की जिला अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई, जबकि बाकी तीन को रेफर कर दिया गया। बाद में इन्हें अलीगढ़ के ट्रॉमा हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया, जहां सभी की हालत नाजुक बनी हुई थी। वहीं कार के ड्राइवर केके उपाध्याय निवासी इगलास को मामूली रूप से जख्मी हो गया। संजय माहेश्वरी की मौत से एसबीआई के कर्मचारियों में शोक की लहर दौड़ गई। रात में ही उनके परिजन जिला अस्पताल पहुंच गए।
उनके दो बेटे हैं इनमें से एक गुड़गांव में एक कंपनी में कार्यरत हैं।
हादसे की खबर पर हाथरस एसबीआई मुख्य शाखा के चीफ मैनेजर विजय कुमार बालानी अस्पताल पहुंच गए और अलीगढ़ से भी मुख्य शाखा के कई अधिकारी यहां आ पहुंचे। बुधवार दोपहर को संजय माहेश्वरी के शव का पोस्टमार्टम कराया गया। चंदपा एसओ एके सिंह ने बताया कि आरोपी चालक के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। कैंटर को पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है। संजय माहेश्वरी के भाई सिद्धार्थ माहेश्वरी की शिकायत पर मुकदमा दर्ज किया गया है। गौरतलब है कि बाईपास पर बने स्पीड ब्रेकरों पर सफेद पट्टी न होने से कई हादसे हो चुके हैं।