सारसाैल स्थित वैशालीपुरम कॉलोनी के पार्क में बोरिंग के दौरान जमीन के नीचे से गुजर रही विद्युत लाइन में अचानक धमाका हो गया। लाइन से उठी चिंगारी से काम कर रहे तीन मजदूर झुलस गए।
स्थानीय लोगों ने बताया है कि पार्क में बोरिंग का काम चल रहा था। मजदूर मशीन से खोदाई कर रहे थे। ड्रिलिंग के दौरान भूमिगत बिजली की लाइन में तेज धमका हुआ और चिंगारी उठी। इससे नत्थी सिंह व नीरज समेत तीन मजदूर झुलस गए। मजदूरों को नीचे से गुजर रही विद्युत लाइन की जानकारी नहीं थी।
मौके पर कोई चेतावनी बोर्ड नहीं लगा था। लोगों ने विद्युत विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए मामले में जांच की मांग की है। अधीक्षण अभियंता शहरी उमेश चंद ने बताया कि घटना की जानकारी हुई है, मामले की जांच कराई जाएगी।