गांव अंडला के पास अलीगढ़ पलवल रोड पर एक कार टायर फटने से पलट गई। हादसे में कार में सवार एक युवक की मौत हो गई, पांच लोग घायल हो गए। ग्रामीणों ने घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया है।
ग्राम प्रधान पति गांव चमन नगरिया जगवीर सिंह ने बताया कि वह कार में सवार होकर अतरौली से सोमवार सुबह चार बजे लौट रहे थे। अंडला के पास कार का आगे का टायर फट गया। जिससे कार अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में कार में सवार कृष्णा (24) पुत्र देवेंद्र की मौत हो गई। रोहित, दिनेश, ब्रह्मा, अमित व राजा घायल हो गए। जिला अस्पताल में इनका उपचार जारी है। पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया है। मृतक तीन भाइयों में सबसे छोटा था।