कस्बा के अलीगढ़ पलवल मार्ग पर भारत पेट्रोल पंप के पास कंटेनर से टकराकर बाइक सवार की मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। हरवीर पुत्र विजय सिंह (28) निवासी गांव रामनेर थाना जेवर, गौतम बुद्ध नगर रविवार रात अपने गांव से बाइक पर सवार होकर खैर में शादी समारोह में शामिल होने जा रहा था।
जट्टारी के अलीगढ़ पलवल मार्ग पर भारत पेट्रोल पंप के पास सामने से आ रहे कंटेनर से उसकी बाइक टकरा गई, हादसे में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने उसे टप्पल सीएचसी में भर्ती कराया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। कंटेनर चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक दो भाइयों में बड़ा था। छह माह पहले उसकी शादी खैर के राजपुर गांव से हुई थी। पत्नी के गर्भ में चार माह का शिशु पल रहा है। हरवीर की मौत से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।