शासन स्तर से तय विकास कार्यों को लेकर तय 37 बिंदुओं की मंगलवार को मंडलायुक्त गौरव दयाल ने समीक्षा की। कमिश्नरी सभागार में आयोजित बैठक में उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री की वरीयता वाले विकास कार्यों और जनहित के कार्यों को अधिकारी तेजी से पूरा कराएं। परिवार नियोजन कार्यक्रम में कासगंज, एटा की स्थिति काफी खराब पाई गई। इस पर उन्होंने नाराजगी जताई। इसके अलावा उन्होंने अधीक्षण अभियंता लोनिवि को सड़कों के गड्ढे भरवाने व ओजोन-सांगवान सड़क मरम्मत के लिए पैरवी करने के निर्देश दिए।
विभागीय योजनाओं की समीक्षा करते हुए उन्होंने कहा कि ऑपरेशन कालाकल्प में ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर कार्य हुआ है। पढ़ाई, ड्रेस आदि की जहां भी स्थिति ठीक नही है, उन सभी जिलों के स्कूलों के प्रधानाचार्यों की बैठक कर लें। संचारी रोगों से निपटने के लिए नालों की तली झाड़ साफ-सफाई, झाड़ियों की कटाई करा ली जाए। उन्होंने मंडल के सभी जिलों के मुख्य विकास अधिकारियों को हैंडपंप की बोरिंग कराने, ग्राम पंचायतों में संक्रमण को रोकने के लिए मूलभूत सुविधाओं, पीने के पानी, स्वच्छता सेप्टिक टैंक प्रबंधन, ठोस तरल पदार्थ की उपलब्धता क्लस्टर बनाकर कार्य कराने के निर्देश दिए।
मंडलायुक्त ने प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना में दावों का समय से निस्तारण करने के निर्देश दिए। अपर निदेशक पशुपालन ने बताया कि अलीगढ़ में 31082, एटा में 4569, कासगंज में 4579 एवं हाथरस में 12926 समेत मंडल भर में 53156 गोवंश संरक्षित है। प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना में मंडल में 58372 परिवारों को गोल्डन कार्ड प्रदान किए गए हैं। मंडलायुक्त ने कहा कि अच्छा कार्य कर रहीं आशाओं को सम्मानित एवं खराब कार्य करने पर दंडित किया जाए। बैठक में डीएम अलीगढ़ इंद्र विक्रम सिंह, हाथरस रमेश रंजन, एटा अंकित अग्रवाल एवं कासगंज हर्षिता माथुर आदि समेत सीडीओ एवं मंडल स्तरीय विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।
15 विभागों की मिली स्थिति खराब
समीक्षा के दौरान उप निदेशक अल्पसंख्यक कल्याण, मुख्य कार्यपालक अधिकारी खादी ग्रामोद्योग, उप महानिरीक्षक स्टांप एवं निबंधन, उप निदेशक कृषि रक्षा, अधीक्षण अभियंता जल निगम, सहायक निदेशक सेवायोजन, सहायक आयुक्त औषधि, संभागीय खाद्य नियंत्रक, सहायक निदेशक कारखाना, सहायक निदेशक बेसिक शिक्षा, मुख्य अभियंता पावर कॉरपोरेशन, मुख्य अभियंता लोक निर्माण विभाग, मंडलीय संयुक्त शिक्षा निदेशक माध्यमिक शिक्षा, उप निदेशक पिछड़ा वर्ग कल्याण, अधीक्षण अभियंता सिंचाई कार्य मंडल के कार्यालय निम्न श्रेणी में पाए गए। क्षेत्रीय अधिकारी प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड, उपायुक्त सहकारिता, उप कृषि निदेशक भूमि संरक्षण, संयुक्त निदेशक प्रशिक्षण/प्रशिक्षु, संयुक्त निदेशक उद्योग, सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा, उप निदेशक पंचायत, अपर निदेशक पशुपालन, अधीक्षण अभियंता नलकूप, उप श्रम आयुक्त, अधीक्षण अभियंता ड्रेनेज, अपर निदेशक चिकित्सा एवं स्वास्थ्य, उप निदेशक समाज कल्याण, उप निदेशक उद्यान, सहायक चीनी आयुक्त के कार्यालय बेहतर श्रेणी में पाए गए।