अलीगढ़ से वृंदावन के लिए दो एसी ई बस शुरू हो गईं हैं। यह मसूदाबाद बस स्टैंड से रोजाना मिलेंगी। इन बसों का इगलास, बेसवां, राया होते हुए संचालन किया जाएगा।
वृंदावन में श्री बांके बिहारी के दर्शन के लिए जाने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा को देखते हुए रोडवेज ने अटल ई-बस सेवा का संचालन शुरू कर दिया है। अलीगढ़ के मसूदाबाद बस स्टैंड से यह सेवा सुबह सात बजे व आठ बजे मिलेगी। इन बसों का इगलास, बेसवां, राया होते हुए संचालन किया जाएगा। इसका किराया 156 रुपये होगा। वृंदावन से वापसी में बस सुबह 10:30 व 11:30 बजे अलीगढ़ के लिए आएगी।
विज्ञापन
मसूदाबाद बस स्टैंड पर 16 जनवरी को आयोजित समारोह में सांसद सतीश गौतम, भाजपा जिलाध्यक्ष कृष्णपाल सिंह लाला एवं रोडवेज के क्षेत्रीय प्रबंधक सत्येंद्र कुमार वर्मा ने संयुक्त रूप से झंडी दिखाकर शुभारंभ किया। सांसद सतीश गौतम ने कहा कि यह आधुनिक परिवहन व्यवस्था की दिशा में एक सशक्त कदम है।
रोडवेज के क्षेत्रीय प्रबंधक सत्येंद्र वर्मा ने बताया इनके संचालन से एक ओर जहां डीजल पर निर्भरता कम होगी, वहीं दूसरी ओर वायु प्रदूषण में भी उल्लेखनीय कमी आएगी। इस अवसर पर सेवा प्रबंधक वीके सिंह, सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक वित्त डीडी शर्मा, अलीगढ़ डिपो रमेशचंद धारीवाल, बुद्धविहार डिपो बुद्धप्रकाश, वरिष्ठ केंद्र प्रभारी रेनू सिंह, संगीता सिंह आदि थे।