पूर्व सूचना और निर्देश के बावजूद नहीं पहुंचे अधिकारी, निर्वाचन जैसे अहम काम में लापरवाही पर एकपक्षीय कार्रवाई की चेतावनी
अलीगढ़। निर्वाचन का काम प्रशासन की प्राथमिकता में है, लेकिन जिम्मेदारी संभाल रहे अफसर ही बैठकों से दूरी बनाने लगे हैं। मंगलवार को बुलाई गई निर्वाचन संबंधी महत्वपूर्ण बैठक में 11 अधिकारी नदारद मिले। खास बात यह है कि इन्हें बैठक में शामिल होने के लिए पहले ही निर्देशित किया गया था। इसके बावजूद अधिकारियों ने पहुंचना जरूरी नहीं समझा। इस पर उप जिला निर्वाचन अधिकारी एवं एडीएम प्रशासन सौरभ भट्ट ने कड़ा रुख अपनाते हुए सभी 11 अधिकारियों को स्पष्टीकरण जारी कर दिया है। अब तीन दिन के भीतर जवाब देना होगा। संतोषजनक जवाब नहीं मिला तो एकपक्षीय कार्रवाई की जाएगी।
24 नवंबर को आयोजित बैठक में अनुपस्थित रहने वाले अधिकारियों में शिक्षा, राजस्व, बाल विकास, खाद्य सुरक्षा और नगर निकाय विभाग के कार्मिक शामिल हैं। इनमें खंड शिक्षा अधिकारी टप्पल देवेंद्र कुमार सिंह, अधिशासी अधिकारी बरौली रामा दुबे, नायब तहसीलदार बरौली आदिति जैन, सीडीपीओ चंडौस अनिल कुमार, खाद्य सुरक्षा अधिकारी गभाना शिवदास सिंह, खंड शिक्षा अधिकारी बिजौली राजकुमार, नायब तहसीलदार अतरौली सचिन कुमार, नायब तहसीलदार दादों सचिन कुमार, अधिशासी अधिकारी अतरौली संजय कुमार गौतम, नायब तहसीलदार लोधा विकास चौधरी और खाद्य सुरक्षा अधिकारी नगर महेश कुमार शामिल हैं।
पहले से निर्देश, फिर भी बैठक से नदारद
एडीएम प्रशासन की ओर से जारी स्पष्टीकरण पत्र में स्पष्ट किया गया है कि बैठक में प्रतिभाग करने के लिए संबंधित अधिकारियों को पूर्व में निर्देशित किया गया था। इसके बावजूद वे अनुपस्थित रहे। निर्वाचन जैसे महत्वपूर्ण कार्य में रुचि नहीं लेना और प्रशासनिक निर्देशों की अवहेलना गंभीर मामला है। अधिकारियों से पूछा गया है कि आखिर किन परिस्थितियों में वे बैठक में शामिल नहीं हुए।
तीन दिन की मोहलत, फिर होगी कार्रवाई
सभी 11 अधिकारियों को पत्र प्राप्त होने के तीन दिन के भीतर अपना स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन ने साफ कर दिया है कि तय समय में जवाब नहीं मिलने पर उनके विरुद्ध एकपक्षीय कार्रवाई की जाएगी। निर्वाचन संबंधी कार्यों में अधिकारियों की इस उदासीनता पर प्रशासन की सख्ती से विभागों में हलचल मची हुई है।