जहरीली शराब कांड के बाद पुलिस का ताबड़तोड़ कार्रवाई अभियान जारी है। इसी क्रम में पुलिस ने बृहस्पतिवार को 50 हजार के इनामी तस्कर ऋषि के बेटे को भी गिरफ्तार कर लिया है। साथ ही उसकी निशानदेही पर अकराबाद के गांव दभी से एक और शराब फैक्टरी पकड़ी गई है।
वहां से भारी मात्रा में जहरीली शराब का जखीरा बरामद किया गया है। यह सफलता तब मिली, जब ऋषि के बेटे और ऋषि के भाई को आमने-सामने बैठाकर पूछताछ की गई। अभी इनसे अन्य पहलुओं पर भी पूछताछ जारी है।
एसएसपी कलानिधि नैथानी के अनुसार ऋषि के भाई मुनीष व भांजे आकाश को पुलिस रिमांड पर लेकर पूछताछ की जा रही है। इसी पूछताछ की मदद पर ऋषि के बेटे कुणाल शर्मा को गिरफ्तार किया गया। इस तरह ऋषि परिवार के पांच सदस्य दबोच लिए गए हैं।
कुणाल को जब मुनीष व आकाश के सामने बैठाकर पूछताछ शुरू हुई तो उसने गांव दभी में रविंद्र यादव नाम के व्यक्ति की मदद से फैक्टरी संचालन की बात स्वीकारी। बताया कि यह फैक्टरी भी विपिन व शिवकुमार ने ही वहां चलवाई थी। रविंद्र अपने घर में ही वह फैक्टरी चलाता है और हमें माल सप्लाई करता है।
इस सूचना पर तत्काल अकराबाद पुलिस ने बताए ठिकाने पर दबिश दी तो वहां जखीरा बरामद हुआ। पुलिस के अनुसार मौके से 100 बोतल अंग्रेजी शराब, 40 हाफ अंग्रेजी शराब, 190 बोतल (100 एमएल) टिंचर, 94 खाली बोतल अंग्रेजी शराब, 49 खाली पव्वे अंग्रेजी शराब, 700 पव्वे(कुछ खाली/भरे) गुड़ ईवनिंग मार्का, 8 कार्टून बोतल पैक करने वाले, 4 टंकी (1 टंकी में लगभग 20 लीटर तरल पदार्थ), 2 सौर ऊर्जा प्लेट, 1 रायफल देशी 315 बोर अवैध व एक बाइक बरामद की गई। इस मामले में अकराबाद में मुकदमा दर्ज किया गया है।
विपिन और सहयोगियों से भी पूछताछ जारी
पुलिस रिमांड पर लिए गए फैक्टरी संचालक तस्कर विपिन यादव, सहयोगी शिवकुमार, गंगाराम से भी पुलिस की टीमें लगातार पूछताछ कर रही हैं। उनसे पूछताछ में अभी और भी नाम सामने आए हैं, जिनकी तलाश शुरू करा दी गई है। इसके अलावा अन्य पहलुओं पर भी उनसे पूछताछ की जा रही है।
हरियाणा तक शराब सप्लाई के मिले संकेत
इस दौरान पूछताछ में संकेत मिले हैं कि ये लोग यूपी लेबल की शराब अलीगढ़ हाथरस आदि जिलों में सप्लाई देते थे, जबकि हरियाणा लेबल की शराब बनाकर उसे हरियाणा भी भेजते थे। इन तथ्यों को भी पुष्ट करने में पुलिस लगी है।
14 मुकदमों में अब तक 38 गिरफ्तारी हुईं
इस कांड में पुलिस ने अब तक 14 मुकदमे दर्ज कर 38 लोगों की गिरफ्तारी कर चुकी है। इसी क्रम में क्वार्सी पुलिस ने मुकेश पुत्र शैलेन्द्र निवासी गाधीनगर नौरंगाबाद को दबोचा है।