थाना क्षेत्र के गांव सिंघारपुर स्थित राजश्री मैरिज होम में एक शादी के दौरान डीजे पर नाच रहे व्यक्ति ने अपनी पिस्टल निकाल कर हर्ष फायरिंग कर दी, जिससे एक युवक घायल हो गया। युवक का निजी अस्पताल में उपचार हो रहा है।
देवीलाल निवासी अहवसपुर थाना हाथरस गेट ने मडराक थाने में रिपोर्ट दर्ज कराते हुए बताया कि 19 फरवरी को परिवार के रामचरण उपाध्याय के पुत्र अमन की बरात राजश्री मैरिज होम में आई थी। रात्रि 11 बजे डीजी पर कुछ लोग नाच रहे थे, इसी बीच एक व्यक्ति ने हर्ष फायर किया, गोली उनके भतीजे चेतन निवासी अहवसपुर के दाहिने पैर में लग गई, वह घायल हो गया। सीसीटीवी और शादी में चल रहे कैमरे की मदद से आरोपी की पहचान विमल शर्मा निवासी ग्राम कुरामई थाना कासगंज के रूप में हुई। भतीजे का निजी अस्पताल में उपचार चल रहा है। थाना प्रभारी ने बताया कि देवीलाल की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। जांच की जा रही है।