14 दिन मथुरा जेल में बंद रहा था वेदपाल
एसपी सिटी ने बताया कि वेदपाल ने राया पुलिस को खुद के साथ मारपीट करने व बंधक बनाकर अपहरण करने की झूठी सूचना दी थी। जिस पर राया पुलिस ने उसे शांतिभंग में बंदी बनाते हुए 14 दिन के लिए मथुरा जेल भेज दिया। इस बीच युवती की शादी हो गई। जेल से छूटने के बाद वह फिर से युवती को परेशान करने लगा। युवती के अलावा ससुराल पक्ष को मोबाइल काॅल व मैसेज करने लगा। इस पर युवती ने 1090 पर फोन कर वेदपाल की शिकायत की। वेदपाल की इस हरकत के बाद युवती का परिवार उसे जान से मारने की धमकी दे रहा था। मोबाइल फोन में इसकी रिकार्डिंग भी मिली हैं।
नकाबपोश शूटर के साथ पहुंचा था चचेरा भाई
सीओ सिविल लाइंस सर्वम सिंह ने बताया कि वेदपाल के अक्सर युवती को परेशान करने से पूरा परिवार नाराज था। युवती का भाई जो आगरा में डीआइजी कार्यालय में सिपाही के रूप में तैनात है, ने इटावा 28वीं पीएसी वाहिनी के सिपाही व चचेरे भाई भूपेंद्र के साथ मिलकर वेदपाल की हत्या करने की साजिश रच ली। पुलिस जांच में साफ हुआ है कि हमलावरों को वेदपाल का अस्पताल में ऑपरेशन होने की सटीक जानकारी थी।
इसके बाद ही भूपेंद्र अपनी बाइक से एक शूटर को साथ लेकर अस्पताल पहुंचा था। जिसने नकाब से अपना चेहरा छिपा रखा था। वारदात के बाद अस्पताल से भागते समय सीसीटीवी कैमरे में एक बाइक पर दोनों ही हमलावर जाते हुए दिखाई पड़े हैं। बाइक नंबर के आधार पर इटावा पीएसी में तैनात सिपाही भूपेंद्र की पहचान हुई है। घटना के बाद उसकी मोबाइल की काॅल डिटेल के साथ ही लोकेशन इटावा की ओर जाने की मिली है। इसके आधार पर पुलिस ने टूंडला तक उनका पीछा भी किया, लेकिन उसके बाद मोबाइल फोन बंद हो गया।
हमलावरों के संपर्क में था सिपाही पिता
एसएसपी नीरज कुमार जादाैन ने बताया कि वेदपाल की हत्या से पहले व उसके बाद में लगातार युवती के पिता व सिपाही चालक देवेंद्र प्रताप मोबाइल फोन पर हमलावरों के संपर्क में था। वह पल-पल की जानकारी एक-दूसरे से साझा कर रहे थे। चूंकि खुद एसएसपी की जनपद बागपत में तैनाती रही है और वे बताैर चालक देवेंद्र प्रताप को पहचानते थे। इसके बाद उन्होंने वहां के अधिकारियों से संपर्क कर उसे हिरासत में ले लिया।
आरोपी देवेंद्र प्रताप को हत्या के षडयंत्र में शामिल होने के आरोप में गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है। इस मामले में वेदपाल के पिता धर्मवीर ने थाने में युवती के मामा सुरेंद्र निवासी राया उसके भाई व परिजनों के खिलाफ प्रेम प्रसंग के विवाद में बेटे की गोली मारकर हत्या कर देने का आरोप लगाते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई है। युवती के सगे भाई जितेंद्र को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है, जबकि चचेरे भाई भूपेंद्र के अलावा घटना में शामिल रहे शूटर की तलाश में दो टीमें जुटी हुई हैं।