रोरावर थाना क्षेत्र के गांव अमरपुर कोड़ला में शुक्रवार शाम को फुफेरी बहन के यहां आए युवक की हाईटेंशन लाइन के करंट से मौत हो गई। शिवम की मौत से परिवार में मातम छा गया है।
हाथरस के थाना सासनी के गांव सिल्हौढ़ी निवासी शिवम (18) पुत्र राम बहादुर अपनी फुफेरी बहन सुनीता देवी के यहां आया था। बहनोई लखन सिंह ने बताया है कि वह पत्नी सुनीता के साथ बाजार गए थे। घर में शिवम अन्य सदस्यों को साथ टीवी देख रहा था। कुछ देर बाद वह फोन पर बात करते हुए छत पर चला गया। छत पर हाईटेंशन लाइन के करंट की चपेट में वह आ गया। घटना के बाद सुनीता की दोनों बेटियों ने शोर मचाकर पड़ोसियों को बुलाया। गंभीर हालत में उसे जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।