क्षेत्र के बरौठा नहर पुल के पास से शुक्रवार की शाम एक युवती नशे की हालत में मिली, युवती ने जबरन शराब पिलाकर दुष्कर्म किए जाने का आरोप लगाया है। युवती का सीएचसी में भर्ती कराया गया है।
थाना पुलिस ने बताया कि बरौठा नहर पुल के पास शाम करीब 5:00 बजे लोगों ने एक युवती को नशे की हालत में लड़खड़ाते हुए देखा, सूचना पर पुलिस ने उसे सीएचसी में दाखिल कराया। युवती का आरोप है कि हरदुआगंज क्षेत्र का एक युवक उसे क्वार्सी से बुलाकर नहर की पटरी पर ले गया, जहां शराब पिलाकर दुष्कर्म किया। सीएचसी चिकित्सक डॉ. प्रवेंद्र कुमार का कहना है कि युवती नशे की हालत में थी, महिला संबंधी चिकित्सीय जांच पंडित दीनदयाल संयुक्त चिकित्सालय पर की जाती है। इस दौरान पुलिस को युवती के फोन में आरोपी युवक के साथ व्हाट्स-एप पर बातचीत की जानकारी मिली है।
युवती ने दुष्कर्म की बात कही थी, जिसके बाद मौके पहुंची महिला पुलिस ने युवती को कस्बा सीएचसी ले जाकर प्राथमिक उपचार करा दिया, शरीर पर कोई चोट आदि के निशान नहीं हैं, फिलहाल चिकित्सीय जांच के लिए भेजा जा रहा है। नशा उतरने के बाद युवती के बयान लिए जाएंगे। राजीव कुमार द्विवेदी, क्षेत्राधिकारी अतरौली