कोतवाली क्षेत्र के गांव अंडला में शनिवार शाम पुरानी रंजिश में प्रमोद रावत (50 वर्ष) को गोली मार कर घायल कर दिया। घटना से गांव में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया।
प्रमोद रावत गांव अंडला निवासी रामस्वरूप रावत के पुत्र हैं। वह शनिवार शाम करीब सात बजे खेत से ट्रैक्टर लेकर वापस अपने तेहरा रोड स्थित घर लौट रहे थे। आरोप है कि घर के पास दो युवकों ने उन्हें रोका और कहासुनी शुरू कर दी। इनके बीच पहले से भी विवाद चला आ रहा है। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और आरोपियों ने तमंचे से फायरिंग कर दी।
घटना में प्रमोद रावत को दो गोलियां लगीं। एक गोली उनके हाथ में लगी, जबकि दूसरी गोली गले को छूते हुए निकल गई। गोली लगते ही प्रमोद घायल होकर जमीन पर गिर पड़े। फायरिंग की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर दौड़ पड़े, लेकिन तब तक आरोपी भाग गए।
घायल के छोटे भाई प्रवीण रावत ने बताया कि गांव के एक परिवार से पहले से रंजिश चली आ रही है, इसी में उनके भाई पर दो युवकों ने जानलेवा हमला किया गया है।
सूचना पर खैर कोतवाली पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और घायल को एंबुलेंस की सहायता से उपचार के लिए पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भिजवाया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसे गंभीर हालत में अलीगढ़ मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।
घटना के बाद देर शाम तक पुलिस की गाड़ियां गांव में गश्त करती रहीं। आईपीएस एवं थाना प्रभारी सम्यक चौधरी ने बताया कि पुलिस घटना की जांच कर रही है। अभी तहरीर नहीं मिली है, तहरीर मिलते ही रिपोर्ट दर्ज कर ली जाएगी।