हादसे के बाद मौके पर लगी. भीड। स्रोत ग्रामीण
- फोटो : samvad
क्षेत्र के गांव चुआवली में शुक्रवार शाम करीब आठ बजे तेज रफ्तार कार ने किशोरी, दंपती और एक पशु को रौंद दिया। हादसे में तीनों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि पशु की मौके पर ही मौत हो गई। ग्रामीणों ने हंगामा करते हुए कार में तोड़फोड़ कर दी।
ग्रामीणों ने बताया है कि एक तेज गति से चुआवली गांव की ओर जा रही थी। रास्ते में कार ने पहले किशोरी तृप्ति और रविंद्र व कमलेश को टक्कर मार दी। इसके बाद कार ने एक पशु को भी रौंद दिया। हादसे में तीनों लोग घायल हो गए, जबकि पशु की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद सवार कार को मौके पर ही छोड़कर भाग गए। इससे नाराज ग्रामीणों ने हंगामा किया और कार में तोड़फोड़ कर दी। ग्रामीणों का कहना था कि जब तक कार सवारों को नहीं लाया जाएगा, तब तक गाड़ी नहीं ले जाने दी जाएगी। सूचना मिलने पर सीओ धनंजय सिंह और प्रभारी निरीक्षक राजेश कुमार मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों को समझाकर शांत कराया। पुलिस ने कार को कब्जे में लेकर थाने भिजवा दिया। घायलों को पहले अलीगढ़ के एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां से उन्हें जेएन मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।