15 जुलाई की सुबह करीब आठ बजे कस्बे के मोहल्ला ऊंचे द्वार से पैदल स्कूल जा रहे दूसरी कक्षा के छात्र को एक स्कूल बस ने कुचल दिया। इससे घायल बच्चे की कुछ समय बाद मौत हो गई। हादसे से गुस्साए परिजनों ने स्कूल गेट और कोतवाली में हंगामा किया। थाना पुलिस के अनुसार बाद में दोनों पक्षों के बीच समझौता हो गया था।
कस्बे के आगर मोहल्ला निवासी रहीस खां का छह वर्षीय पुत्र अमन प्राथमिक विद्यालय में दूसरी कक्षा का छात्र था। 15 जुलाई की सुबह करीब आठ बजे वह पढ़ने के लिए स्कूल जा रहा था। ऊंचे द्वार मोहल्ले में चढ़ाई पर पहुंचा तभी एक निजी स्कूल के वाहन ने बच्चे को रौंद दिया। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा होते ही वाहन छोड़कर चालक भाग निकला।
खबर पाकर दौड़ते हुए पहुंचे परिजन तत्काल उसे जेएन मेडिकल कॉलेज ले गए। वहां इलाज के दौरान सुबह करीब दस बच्चे अमन की मौत हो गई। इसके बाद स्कूल वाहन के चालक पर कार्रवाई की मांग करते हुए परिजनों ने स्कूल गेट पर हंगामा किया। सूचना पर कोतवाल राजीव कुमार फोर्स सहित मौके पर पहुंच गए। वहां पुलिस ने परिजनों को शांत कराया तो कुछ देर बाद परिजन कोतवाली पहुंच गए और वहां भी हंगामा किया। बाद में कुछ मध्यस्थों के जरिये कोतवाली में दोनों पक्षों के बीच समझौता हो गया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया।