सासनी गेट इलाके के जयगंज का शिक्शा चालक सटोरिये के उत्पीड़न से तंग आकर जहर खाकर एसएसपी के कार्यालय पहुंच गया। वहां जब पता लगा कि इसने जहर खा रखा है तो पुलिस के हाथपैर फूल गए। आनन-फानन उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहां उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। देर रात युवक अस्पताल से भाग गया।
सासनी गेट के मोहल्ला जयगंज लड़िया निवासी तोताराम रिक्शा चलाता है। वह पुलिस का मुखबिर भी है। सन 2010 में उसने एक सटोरिये के संबंध में पुलिस को सूचना दी। इसके बाद से ही वह सटोरिया तोताराम से रंजिश मानने लगा। 31 दिसंबर की रात को सटोरिये ने तोताराम को चाकू मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। इसकी शिकायत तोताराम ने थाना पुलिस से की, लेकिन थाना पुलिस ने तोताराम की शिकायत पर कोई ध्यान नहीं दिया।
इस बीच सटोरिया तोताराम को लगातार धमकाता रहा। उसकी धमकियों से तंग आकर तोताराम बुधवार को जहर खाकर एसएसपी कार्यालय पहुंच गया और इलाका पुलिस की शिकायत की। वहां पर उसकी हालत को देखते हुए पहले उसे अस्पताल लाया गया। साथ ही सटोरिये के खिलाफ कार्रवाई के लिए इलाका पुलिस को निर्देश दे दिए गए हैं।