नोएडा से भागे युवक को पकड़ने के लिए टप्पल के गांव में पहुंची पुलिस टीम।
- फोटो : CITY OFFICE
नोएडा के गलगोडिया क्वारंटीन सेंटर से 22 अप्रैल को फरार हुआ टप्पल थाना क्षेत्र के गांव मौर का युवक शुक्रवार तड़के गांव से ही पकड़ा गया। नोएडा पुलिस-प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की टीम ने अलीगढ़ प्रशासन के साथ संयुक्त कार्रवाई करके उसे पकड़ा। नोएडा प्रशासन युवक को अपने साथ ले गया। इधर, जिला प्रशासन ने पूरे गांव को सैनिटाइज कराया। इसके साथ ही युवक के संपर्क में आए परिवार वालों सहित कुल 25 लोगों को क्वारंटीन किया। इस कार्रवाई से गांव में पूरे दिन हड़कंप मचा रहा। हालांकि देर रात को नोएडा प्रशासन ने अलीगढ़ प्रशासन को युवक की कोरोना रिपोर्ट निगेटिव आने की राहत भरी खबर दी। एहतियातन प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की टीम गांव में डेरा जमाए हुए है। युवक के संपर्क में अन्य 10 लोगों के भी आने की सूचना है। पकड़ में आते ही उनको भी क्वारंटीन किया जाएगा।
टप्पल के गांव मौर का एक युवक नोएडा के एक होटल में नौकरी करता है। लॉक डाउन होने के कारण वह वहां फंस गया। पिछले दिनों वह अपने एक साथी के साथ पैदल ही घर आने को निकल आया। नोएडा के परी चौक पर उसे पुलिस ने पकड़ लिया। पूछताछ के बाद उसे गलगोडिया क्वारंटीन सेंटर में क्वारंटीन कर दिया गया। दोनों की जांच को सैंपल भेजा गया। वाकया 22 अप्रैल का है। किसी प्रकार से आंख चुुराते हुए टप्पल का युवक वहां से भागकर अपने गांव पहुंच गया। यहां उसने क्वारंटीन किए जाने की बात किसी को नहीं बताई। इधर, परिवार वाले भी मामले को दबाए रहे। इसी बीच उसके साथी की जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आ गई। इस पर नोएडा प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग में खलबली मच गई।
लोकेशन ट्रेस करते हुए शुक्रवार तड़के करीब पांच बजे नोएडा से पुलिस-प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की टीम टप्पल पहुंची। इधर, जिला प्रशासन से एसडीएम खैर और स्वास्थ्य विभाग की टीम भी मौके पर पहुंच गई। युवक को उसके घर से पकड़ा गया। इसके बाद उसे नोएडा प्रशासन अपने साथ ले गया। इधर, गांव में दिन भर युवक के संपर्क में आए लोगों की खोजबीन, सैनिटाइजिंग अभियान जारी रहा।
एसडीएम खैर अंजुम बी ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग ने युवक के परिवार के सदस्यों सहित उसके संपर्क में आए कुल 25 लोगों को गांव के जूनियर हाई स्कूल में क्वारंटीन कर दिया। अन्य 10 लोगों के भी युवक के संपर्क में आने की जानकारी मिलने पर उनकी तलाश की जा रही है। राहत की बात यह है कि नोएडा प्रशासन ने युवक के कोरोना निगेटिव आने के संबंध में जानकारी दी है। एहतियातन क्वारंटीन किए गए लोगों की नियमानुसार क्वारंटीन अवधि को पूरा कराया जाएगा।