गोली लगने के बाद जेएन मेडिकल कॉलेज में भर्ती घायल वेदपाल।
- फोटो : samvad
महानगर के क्वार्सी क्षेत्र में मैरिस रोड स्थित रेनुका हॉस्पिटल भर्ती मरीज वेदपाल (32) को दो हमलावरों ने असलहा माथे से सटाकर गोली मार दी। वारदात के बाद भाग रहे हमलावरों का अस्पताल के स्टाफ ने पीछा किया तो उन्होंने हवाई फायरिंग कर दी। घायल वेदपाल को मरणासन्न अवस्था में जेएन मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया है। मथुरा की एक लड़की को लेकर विवाद होने की बात सामने आ रही है। लड़की के परिजनों पर ही घटना को अंजाम देने का आरोप है।
वेदपाल खैर क्षेत्र के गांव अहरौला के रहने वाले हैं और एएमयू के चर्चित छात्र सोनपाल के भाई है। करीब डेढ़ माह पूर्व हुई मारपीट में उनके सीधे हाथ में चोट लगी थी। चोट सही न होने पर डॉक्टरों ने हाथ में फैक्चर बताते हुए ऑपरेशन कराने की सलाह दी।
सोमवार सुबह वेदपाल अपने चचेरे भाई गणेश और एक रिश्तेदार के साथ मैरिस रोड स्थित रेनुका हॉस्पिटल पहुंचे। डॉ. पराग शेखर ने ऑपरेशन के लिए वेदपाल को भर्ती कर लिया। शाम चार बजे उन्होंने ऑपरेशन किया और अस्पताल की पहली मंजिल पर सेमी डीलक्स रूम नंबर-15 में एक अन्य मरीज सिकन्दराराऊ के सुधीर के साथ शिफ्ट करा दिया।
रात करीब 10 बजे वेदपाल का चचेरा भाई गणेश कमरे के बाहर पड़ी बेंच पर जाकर सो गया और रिश्तेदार टहलने के लिए अस्पताल के नीचे चला गया। इसी बीच दो हमलावर वेदपाल के कमरे में पहुंचे और पहुंचते ही सीधे माथे से सटा कर गोली मार दी । कमरे में भर्ती दूसरे मरीज के शोर मचाने और गोली आवाज पर अस्पताल स्टाफ के अलावा डॉ. पराग शेखर भी मौके पर आ गए। उन्होंने हमलावरों का गली के बाहर तक पीछा किया।
एसएसपी नीरज जादौन, एसपी सिटी मृगांक शेखर पाठक, सीओ सिविल लाइन सर्वम सिंह, इंस्पेक्टर क्वार्सी भी पहुंच गए। फॉरेंसिक और फील्ड यूनिट की टीम भी मौके पर पहुंच गई। कई डॉक्टर व भाजपा नेता भी अस्पताल पहुंच गए। वेदपाल की गंभीर हालत को देखते हुए जेएन मेडिकल कॉलेज में वेंटिलेटर पर रखा गया है। खबर पर मेडिकल कॉलेज पहुंचे सोनपाल व अन्य परिजनों ने बताया कि वेदपाल ने खुद लॉ की पढ़ाई कर रखी है। पिता के साथ खेतीबाड़ी भी संभालते हैं। एसपी सिटी मृगांक शेखर पाठक के अनुसार अभी कारण स्पष्ट नहीं हैं। टीमें लगी हैं। सीसीटीवी देखे जा रहे हैं। प्रथम दृष्टया मामला किसी रंजिश का लग रहा है। हालत नाजुक है।