यमुना एक्सप्रेस-वे पर बरात की बस का फटा हुआ टायर
- फोटो : संवाद
टप्पल थाना क्षेत्र में यमुना एक्सप्रेस-वे के प्वाइंट संख्या 46 पर टायर फटने के बाद खड़ी बरात की बस से लोडर वाहन टकरा गया। 27 सितंबर सुबह साढ़े आठ बजे हुए इस हादसे में बस के पास खड़ी दूल्हे की बुआ शरीफन (50) की मौत हो गई, दूल्हे व चालक सहित तीन लोग घायल हो गए। घायलों को जेवर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
टप्पल पुलिस के मुताबिक कश्मीरी गेट कमला मार्केट सेंटर, दिल्ली निवासी कमरुद्दीन अपने बेटे नजीरुद्दीन की बरात लेकर 26 सितंबर को बस से आगरा गए थे और 27 सितंबर सुबह निकाह के बाद यमुना एक्सप्रेसवे रास्ते लौट रहे थे। बस में करीब 40-45 लोग सवार थे। जेवर टोल से पहले बरातियों से भरी बस के चालक साइड का टायर फट गया और चालक ने बस को सड़क किनारे रोक दिया।
चश्मदीद इकबाल अहमद ने बताया कि चालक के साथ बस में सवार दूल्हा, उसकी बुआ शरीफन और कुछ बराती भी नीचे उतर गए। ये लोग बस के पास खड़े थे, तभी आगरा की ओर से तेज रफ्तार पर आए लोडर वाहन मैक्स ने इन्हें टक्कर मार दी। इसमें शरीफन की मौके पर ही मौत हो गई, दूल्हा नजीरुद्दीन और बस चालक विनोद सहित तीन लोग घायल हो गए। हादसे के बाद लोडर वाहन को छोड़कर चालक भाग गया।
इंस्पेक्टर क्राइम जोगेंन्द्र सिंह ने बताया कि घायलों को जेवर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। लोडर वाहन को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है। महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।