महाराजा अग्रेसनी की प्रतिमा पर माल्यार्पण करते पदाधिकारी।
- फोटो : samvad
श्री अग्रवाल परिषद ने बृहस्पतिवार को अग्रकुल प्रवर्तक महाराजा अग्रसेन की जयंती धूमधाम से मनाई। इस अवसर पर रसलगंज स्थित श्री अग्रसेन चौक पर महायज्ञ किया गया। इस मौके पर प्रभात फेरी भी निकाली गई।
शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ, जिसके बाद आचार्य कौशल व्यास के सानिध्य में महायज्ञ कराया गया। मुकेश अग्रवाल, आराधना अग्रवाल, विनीत गर्ग और रिचा गर्ग महायज्ञ के मुख्य यजमान रहे। सैकड़ों अग्रबंधुओं ने आहुतियां देकर समाज की सुख-समृद्धि और शांति की कामना की। महायज्ञ के बाद महाराजा अग्रसेन की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया गया। इस दौरान परिषद की मातृशक्ति विंग ने भी सक्रिय सहभागिता की। उपस्थित लोगों ने महाराजा अग्रसेन के आदर्शों को याद करते हुए एकता और सेवा का संकल्प लिया।
प्रभात फेरी और सम्मान समारोह
महोत्सव के तहत प्रातः दस बजे श्री अग्रसेन चौक से भव्य प्रभात फेरी निकाली गई। इसमें मुख्य अतिथि भाजपा उत्तर प्रदेश कार्यसमिति सदस्य डॉ. राजीव अग्रवाल शामिल हुए। प्रभात फेरी विभिन्न मार्गों से होते हुए धर्म समाज महाविद्यालय पहुंची, जहां उसका स्वागत किया गया। इस दौरान परिषद के संस्थापक पवन गर्ग, अध्यक्ष नवीन बंसल, महामंत्री गौरव अग्रवाल और कोषाध्यक्ष अमित अग्रवाल ने मुख्य अतिथि और यजमानों को सम्मानित किया।