कोतवाली खैर के गौमत चौराहा स्थित एक फार्म हाउस में शादी समारोह के दौरान हुई मारपीट में जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. राहुल शर्मा सहित चार लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज हुई है। यह घटना बीती 30 नवंबर को हुई थी।
पीड़ित उत्कर्ष चौधरी भाजपा कार्यकर्ता और जिलाध्यक्ष चौधरी कृष्णपाल सिंह उर्फ लाला प्रधान के रिश्तेदार हैं। उन्होंने थाने में तहरीर देकर रिपोर्ट दर्ज कराते हुए बताया कि वह अपने मित्र सौरभ चौधरी निवासी कीरतपुर थाना खैर और पंकज निवासी गौमत के साथ फार्म हाऊस में शादी समारोह में गए थे। वहीं पर डाॅ. राहुल शर्मा, उनका कार चालक दीपक और व दो अन्य लोग थे।
इसी दौरान डॉ. राहुल शर्मा व उसके साथी उनके पास आए। गालीगलौज कर उनके साथ मारपीट करने लगे। विरोध करने पर उसके दोस्त पंकज के मुंह पर लोहे का पंच (घूसा) मार दिया, जिससे उसका दांत टूट गया। घटना की जानकारी पीड़ित युवक ने पुलिस को दी। पुलिस ने घायल का डॉक्टरी परीक्षण कराकर तहरीर के आधार रिपोर्ट दर्ज की। पुलिस ने डॉ.राहुल शर्मा, उनके कार चालक दीपक और दो अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।