महानगर के क्वार्सी इलाके की रमेश विहार कॉलोनी से सटे कमल स्ट्रीट में गुरुवार को दिनदहाड़े हार्डवेयर कारोबारी के घर में दो बदमाश घुस गए और घर में अकेले मौजूद उसके किशोर बेटे के विरोध करने पर कैंची से हमला बोल दिया।
किसी तरह खुद को बचाकर चीखता हुआ बेटा घर से बाहर निकल आया तो बदमाश पकड़े जाने के भय से छत के रास्ते भाग गए। मगर खबर पर आई पुलिस ने घेराबंदी कर एक बदमाश को दबोच लिया। पकड़ा गया बदमाश हार्डवेयर कारोबारी का पुराना नौकर है। उसकी मंशा को लेकर पुलिस पूछताछ में जुटी है।
कमल स्ट्रीट निवासी अनिल विजय की तालानगरी में हार्डवेयर की फैक्ट्री है। घर में उनकी पत्नी अंजू विजय के अलावा 13 वर्षीय बेटा विजय विभान भी है। अनिल रोजाना की तरह फैक्ट्री पर थे। शाम के वक्त उनकी पत्नी दूध लेने गई थीं और घर में बेटा अकेला था। इसी बीच दो बदमाश घर में घुस आए और घुसते ही घर की तलाशी लेने लगे।
इसी बीच बेटे ने शोर मचाकर विरोध करना चाहा तो एक बदमाश ने वहीं घर में से कैंची उठाकर बेटे की गर्दन व पीठ पर वार कर दिए। किसी तरह हमले में जख्मी बच्चा खुद को बचाकर चीखता हुआ घर से बाहर आ गया। उसके शोर पर बाहर पब्लिक एकत्रित हो गई और दूध लेकर मां भी लौट आई। बेटे के इशारे पर मां समझ गई कि अंदर बदमाश हैं।
इसी बीच बाहर मजमा लगने पर पकड़े जाने के भय से बदमाश छत के रास्ते से भाग गए। मगर तभी पास ही मान सरोवर चौकी से पुलिस आ गई और घेराबंदी कर एक बदमाश को दबोच लिया गया। इंस्पेक्टर क्वार्सी के अनुसार अभी यह स्पष्ट नहीं है कि बदमाश वहां क्यों घुसे। पकड़े गए बदमाश ने एक माह पहले ही इनकी फैक्ट्री से काम छोड़ा है। पूछताछ जारी है। तहरीर व जांच के आधार पर कार्रवाई होगी।
कोचिंग से लौटते बच्चे घेरा, अपहरण का शोर
महानगर के क्वार्सी इलाके की विद्या नगर कॉलोनी में गुरुवार शाम कोचिंग से लौट रहे छठवीं कक्षा के छात्र को उसके हम उम्र दो बच्चों ने घेरकर मारपीट की कोशिश की। मगर किसी तरह बच्चा उनके कब्जे से छूटकर शोर मचाता हुआ भागा। इसके बाद वह दोनों तो गायब हो गए। मगर वहां अपहरण की कोशिश का शोर मच गया। खबर पर पुलिस भी पहुंच गई। जांच में मामला बच्चों के विवाद का माना जा रहा है। किसी पक्ष ने तहरीर नहीं दी है। बताया गया है कि चंडौस ब्लाक में तैनात बेसिक शिक्षक प्रणयकांत गर्ग निवासी रफात गंज का बेटा अगम कांत पला रोड के महर्षि विद्या मंदिर में छठी का छात्र है। वह विद्या नगर में एक टीचर के यहां कोचिंग लेने आता है। गुरुवार शाम वह कोचिंग लेने आया था और उसके पिता पास में ही विनीत कोचिंग में उसके इंतजार में बैठे थे। अगम अपनी कोचिंग खत्म कर पिता के पास जा रहा था, तभी विद्या नगर में बीच तिराहे पर उसे दो उसके हम उम्र मिले। जिन्हें वह पहचानता नहीं है। उसका कहना है कि उन्होंने उसका बैग खींचा और मारपीट की कोशिश की। मगर वह बचकर चीखता हुआ अपने पापा के पास पहुंच गया। खबर पर उसके पापा व अन्य लोग एकत्रित होकर वहां आए और सूचना पर पुलिस भी आ गई। इस दौरान यहां अपहरण की कोशिश का शोर मचा। मगर आरोपी तब तक गायब हो गए। क्वार्सी पुलिस के अनुसार जांच में मसला छात्रों के बीच झगड़े का लग रहा है। बाकी जांच की जा रही है। पिता की ओर से कोई तहरीर भी नहीं दी गई है।