नगर के उपडाकघर में तीन वर्ष पहले हुए 3.57 लाख रुपये के गबन में तत्कालीन डाक सहायक मो.नदीम पर मुकदमा दर्ज कराया गया है। यह मुकदमा प्रवर डाक अधीक्षक की ओर से कराया गया है। इस प्रकरण में डाक सहायक पर पूर्व में निलंबन की विभागीय कार्रवाई हो चुकी है। वर्तमान में डाक सहायक अलीगढ़ में कार्यरत हैं।
अलीगढ़ के प्रवर डाक अधीक्षक की ओर से दर्ज कराए गए मुकदमे के अनुसार वर्तमान में अलीगढ़ पीएसएफएस डाकघर में कार्यरत मो.नदीम पूर्व में सिंकंदराराऊ उपडाकघर में कार्यरत रहे हैं। सिकंदराराऊ में नियुक्त रहने के समय 12 नवंबर 2021 से 18 जनवरी 2022 के बीच उन्होंने निष्क्रिय पड़े खातों की सीआईएफ आईडी में अनधिकृत तरीके से प्रयास कर उन्हें सक्रिय किया। इसके बाद उन खातों से 3.57 लाख 300 रुपये फर्जी तरीके से निकालकर गबन किया गया। प्रवर डाक अधीक्षक की ओर से एसपी को भेजी गई तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। एसएचओ विजय कुमार सिंंह ने मुकदमा दर्ज होने की पुष्टि करते हुए बताया कि जांच की जा रही है।
पुलिस ने नहीं लिखा था मुकदमा
प्रवर डाक अधीक्षक की ओर से दर्ज कराए गए मुकदमे में इस बात का उल्लेख है कि प्रकरण में मुकदमा दर्ज कराने को लगातार प्रयास किए जा रहे थे। सहायक डाक अधीक्षक द्वारा 2022 से लेकर मई 2025 तक कई पत्राचार थाना सिकंदराराऊ पर किए गए। मगर पुलिस ने मुकदमा दर्ज नहीं लिखा। व्यक्तिगत रूप से थाने पर मुलाकात करने पर कहा गया कि पुराना मामला है। अधिकारियों के निर्देश पर लिखा जाएगा। तब प्रवर डाक अधीक्षक ने एसपी को पत्र लिखा। जिस पर यह मुकदमा दर्ज किया गया है।
निलंबन के बाद बहाल हुआ आरोपी
मुकदमे में आरोपी मो.नदीम के खिलाफ विभागीय जांच में आरोप सामने आने पर उसे निलंबित किया जा चुका है। इसके बाद उसे 90 दिन बाद बहाली के आधार पर अलीगढ़ में नियुक्त किया गया। बाकी विभागीय जांच जारी है।
-प्रवर डाक अधीक्षक की ओर से मिले पत्र के आधार पर मुकदमा दर्ज कराया गया है। बाकी जांच व साक्ष्य के आधार पर आगे कार्रवाई की जाएगी।-चिरंजीवनाथ सिन्हा, एसपी।