अलीगढ़। आईटीआई रोड निवासी आकाशवाणी में इंजीनियर मनोज गुप्ता के 40 हजार रुपये एटीएम से निकल गये और उनके हाथ एक रुपया नहीं लगा। उनकी गलती यह थी कि उन्होंने सर्वर डाउन होने के बावजूद एटीएम में बैलेंस चेक किया था। इसके बाद वह अब तक अपना पैसा वापस पाने के लिए दौड़ लगा रहे हैं। मनोज ही नहीं एटीएम का इस्तेमाल करने वाले सैकड़ों ग्राहक किसी न किसी दिन इस समस्या से जरूरत दो चार होते हैं लेकिन छोटी रकम होने के कारण ऐसे मामले जहां के तहां दब जाते हैं। बड़ी रकम होने पर ही ग्राहक इसमें कार्रवाई करते हैं। लीड बैंक मैनेजर कहते हैं कि इस तरह की घटना के बाद टोल फ्री नंबर में शिकायत तुरंत करा दें। अगर 24 घंटे के अंदर कार्रवाई न हो तो बैंक के प्रबंधन में शिकायत करें। पैसा निकालने या बैलेंस चेक करने के बाद कैंसल कमांड दबाना जरूरी है, जिससे मशीन की प्रोसेसिंग रुक जाये।