फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

सीओ के व्यवहार से आढ़ती भड़के, थाने में प्रदर्शन

Tue, 08 May 2012 12:00 PM IST
Aligarh
विज्ञापन
विज्ञापन
अलीगढ़। आढ़तिये से लूट के खुलासे और सुरक्षा संबंधी मांगों के संबंध में हड़ताल पर चल रहे धनीपुर मंडी के आढ़तियों ने सोमवार को गांधीपार्क थाने में पुलिस के खिलाफ प्रदर्शन किया। इस दौरान वे सीओ के व्यवहार से इतने आहत हो गए कि थाने की सीढ़ियों पर बैठकर पुलिस के खिलाफ नारेबाजी करने लगे। इस दौरान पुलिस अधिकारियों से तीखी नोकझोंक भी हुई। बाद में एसपी सिटी ने पहुंचकर आढ़तियों को समझाया और मंडी में पहुंचकर आढ़तियों की मांग के अनुसार मंडी के पिछले हिस्से में भी पुलिस पिकैट लगाने व पुलिस गश्त कराने के आश्वासन पर आढ़तिये माने। इसके बाद तय हुआ कि मंगलवार से मंडी में आढ़ती काम करेंगे और हड़ताल स्थगित करने की घोषणा कर दी। हुआ यूं कि शुक्रवार से हड़ताल पर चल रहे आढ़ती सोमवार दुपहर लूट के खुलासे के मसले पर वार्ता करने के इरादे से जुलूस के रूप में थाना गांधी पार्क पहुंचे। इस दौरान सीओ द्वितीय वीपी सिंह थाने में मौजूद थे। जहां एसओ के कक्ष में कुछ नेता सीओ से बातचीत कर रहे थे, जबकि कुछ लोग थाने की सीढ़ियों पर बैठकर हंगामा व नारेबाजी कर रहे थे। इसी दौरान सीओ ने कुछ ऐसा कह दिया कि आढ़तिये भड़क गए और वे थाने के पोर्च में खड़े होकर हंगामा करने लगे। इस पर एसओ व अन्य स्टाफ ने उन्हें समझाने का प्रयास किया। मगर वहां तीखी नोकझोंक हो गई। इसी बीच एसपी सिटी दयानंद मिश्रा थाने पहुंच गए और आढ़तियों को समझाते हुए कहा कि वे मंडी में पहुंचेें, वहीं वार्ता होगी। इसके बाद आढ़ती नारेबाजी करते हुए मंडी पहुंच गए। एसपी सिटी व मंडी सचिव की मौजूदगी में हुई बातचीत में तय हुआ कि मंडी के पिछले हिस्से की बाउंड्री टूटी है इसलिए वहां भी एक ऐसा पक्का निर्माण करा दिया जाएगा, जहां चौकी स्थापित हो और वहां पुलिसकर्मी बैठें। बाहरी भवन में भी पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे। इसके अलावा दो पुलिसकर्मी मंडी में भ्रमण पर रहेंगे, जबकि मंडी द्वारा टूटी बाउंड्री का निर्माण कराया जाएगा। रहा सवाल लूट के खुलासे का तो उस पर काम चल रहा है, जल्द ही खुलासा किया जाएगा। इस पर आढ़ती हड़ताल खत्म करने को मान गए और उन्होंने मंगलवार से खरीद-फरोख्त करने का ऐलान कर दिया। इस दौरान सब्जी आढ़तियों ने भी हड़ताल को समर्थन का ऐलान कर दिया था। मंडी आढ़ती संघ अध्यक्ष सुरेश चंद्र लोधी के अनुसार हड़ताल स्थगित कर दी गई है। अगर लूट नहीं खुली तो फिर हड़ताल शुरू की जाएगी। सीओ के अनुसार आढ़तियों की मांगें मान ली गई हैं। रहा सवाल दुर्व्यवहार का तो ऐसी कोई बात नहीं हुई। वे पता नहीं किस बात पर बुरा मान गए।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें