अलीगढ़। डॉ. बीआर अंबेडकर विश्वविद्यालय के बीएड, एमएड, बीपीएड, एलएलबी और एलएलएम के विद्यार्थियों का परीक्षाओं को लेकर इंतजार अब जल्द खत्म होगा। रविवार को आगरा में हुई नोडल अधिकारियों की बैठक में इन परीक्षाओं की तिथि 4 जून प्रस्तावित की गई है। विवि ने इसकी तैयारियां शुरू कर दी हैं। डिप्टी रजिस्ट्रार डा. बालजी यादव ने बताया कि बैठक में नोडल अधिकारियों से वार्ता के बाद परीक्षाओं के लिए यह तिथि निर्धारित की गई है। इन परीक्षाओं के फार्म भरने की प्रक्रिया भी 10 मई से शुरू हो जाएगी। इसके अलावा 23 मार्च से 9 अप्रैल तक हुई विवि की परीक्षाओं में मार्कशीट न होने व अन्य कारणों से जो छात्र-छात्राएं शामिल नहीं हो सके उनकी परीक्षाएं भी 23 मई से शुरू हो जाएंगी। उन्होंने यह भी बताया कि विवि के बीबीए, बीसीए, बीएचएससी आदि सेमेस्टर एग्जाम भी 10 मई से शुरू हो जाएंगे। बैठक में कुलपति ने साफ किया कि जिन कॉलेजों का 2011 की परीक्षाओं का भुगतान शेष रह गया है, उनके बिल कॉलेज संचालक जल्द से जल्द विवि में जमा करा दें।