अलीगढ़। देश आज पीने के पानी की समस्या से जूझ रहा है। कहीं पीने का पानी प्रदूषित हो चुका है तो कहीं पानी की कमी है। जिसके चलते पानी का संरक्षण बहुत जरूरी हो गया है। पानी बचाने के लिए अब स्कूली बच्चे सेव वॉटर, लाइफ बैटर का संदेश देंगे। इसके लिए स्कूल लेवल पर पेंटिंग प्रतियोगिता आयोजित की जा रही है।
स्कूल स्तर पर पेंटिंग प्रतियोगिता कराने के आदेश जारी किए गए हैं। प्रभारी शिक्षा निदेशक बेसिक एपी वर्मा ने इस संबंध में सभी बीएसए को पत्र जारी किया है। उनका कहना है कि प्रतियोगिता में कक्षा छह से आठ तक के छात्र-छात्राओं को शामिल किया जाएगा। प्रतियोगिता का विषय सेव वॉटर, लाइफ बैटर होगा। अक्तूबर तक बच्चों से इस विषय पर पेंटिंग बनवाई जाएंगी। पांच नवंबर तक हर स्कूल अपने यहां की तीन सबसे अच्छी पेंटिंग जमा कराएगा। पेंटिंग नोडल अधिकारी केंद्रीय भूमि जल बोर्ड, उत्तर क्षेत्र लखनऊ को भेजी जाएंगी। प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान पर आने वाले छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया जाएगा।