फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

आज अफसरों की बिजली काटेंगे रालोद विधायक

Wed, 20 Aug 2014 05:30 AM IST
Aligarh
विज्ञापन
विज्ञापन
अलीगढ़। मंगलवार को हुई बेतहाशा बिजली कटौती से हाहाकार की स्थिति उत्पन्न हो गई। शाम सवा पांच बजे से तीन घंटे की कटौती के कारण जहां शहर अंधेरे में डूबा रहा वहीं पीने के पानी तक का जबरदस्त संकट हो गया। इसको लेकर लोगों में आक्रोश देखा गया। उधर पूर्व मंत्री एवं विधानमंडल में रालोद विधायक दल के नेता ठा.दलवीर सिंह ने कहा है कि जनता की कोई सुनने वाला नहीं है, अब वह खुद ही बुधवार को अफसरों के बंगलों की बिजली काटेंगे।
विज्ञापन

बिजली कटौती का सिलसिला मंगलवार की सुबह 6.50 से शुरू हुआ और सुबह दो घंटे की कटौती की गई। 8.50 बजे से कटौती खत्म होने के बाद सुबह 11.15 बजे से दोपहर 2.15 बजे तक तीन घंटे की कटौती फिर कर दी गई। शाम को 5.15 बजे से रात 8.15 बजे तक तीसरी बार कटौती हुई। बेतहाशा बिजली कटौती ने उमस भरी गर्मी में जहां आम आदमी को पसीना -पसीना कर दिया वहीं इनवर्टर बैठ गए और जेनरेटर हांफ गए। शाम को तीन घंटे की कटौती ने पीने के पानी का भी संकट खड़ा कर दिया। इसके अलावा ओवरलोडिंग के चलते स्थानीय स्तर पर एक- एक घंटे की कटौती हुई वह अलग रही।
बेतहाशा बिजली कटौती को लेकर रालोद विधायक ठा.दलवीर सिंह का कहना है कि बिजली संकट को लेकर धरने प्रदर्शन व जनता की आवाज यहां कोई सुनने वाला नहीं है। यदि कोई बिजली संकट को लेकर जाम लगाता है या प्रदर्शन करता है तो जनता की आवाज दबाने के लिए गलत तरीके से मुकदमा दर्ज करा दिया जाता है। उन्होंने पावर कारपोरेशन के प्रबंध निदेशक से लखनऊ में फोन से वार्ता की। एमडी का कहना है कि केंद्र से 5800 मेगावाट बिजली ली जा रही है। इससे ज्यादा नहीं ले सकते हैं।
विज्ञापन

ठा.दलवीर सिंह का कहना है कि बिजली अधिकारियों की कोठियों में तो एएमयू बिजलीघर से 24 घंटे बिजली मिल रही है और जनता बिजली कटौती से जूझ रही है। अब बहुत हो गया, बुधवार को डीएम को नोटिस देकर वह स्वयं बिजली अफसरों के बंगलों की बिजली खुद ही काटेंगे।
-------
लखनऊ आगरा की टीमें आज कर सकती हैं छापामारी
बेतहाशा बिजली कटौती से जूझते अलीगढ़ को जहां राहत नहीं मिल रही है वहीं विभाग के स्तर से बिजली चोरी पकड़ने के लिए एक जुलाई से अभी तक सघन चेकिंग अभियान चल रहा है। पता चला है कि इस अभियान के तहत बुधवार को लखनऊ व आगरा सहित अन्य शहरों की टीमें अलीगढ़ आ सकती हैं। संभावना व्यक्त की जा रही है कि इन टीमों से शहर में एक साथ छापामारी कर बिजली कनेक्शनों की चेकिंग कराई जाएगी।
---
बिजली बंद रहेगी
शहरी विद्युत वितरण खंड तृतीय के अधिशासी अभियंता पी अग्रवाल के अनुसार रेलवे क्रासिंग पर पुल निर्माण के कार्य के कारण किला रोड बिजलीघर से निकलने वाले 11 केवी फीडरों की शिफ्टिंग का कार्य 20 अगस्त बुधवार को होगा। इसके कारण किला रोड बिजलीघर से पोषित समस्त 11 केवी फीडरों की बिजली आपूर्ति सुबह 10 बजे से शाम पांच बजे तक बाधित रहेगी। उन्होंने संबंधित क्षेत्र के उपभोक्ताओं से सहयोग की अपेक्षा की है।
--------
विद्युत जूनियर इंजीनियरों ने शुरू किया वर्क टू रूल आंदोलन
अलीगढ़। राज्य विद्युत परिषद जूनियर इंजीनियर्स संगठन की जिला शाखा की बैठक औद्योगिक आस्थान बिजलीघर पर हुई। बैठक में केंद्रीय आह्वान पर संगठन की प्रमुख मांग जूनियर इंजीनियरों को 4800 ग्रेड पे दिए जाने व जेई से सहायक अभियंता पद पर प्रोन्नति को 8.33 फीसदी को यथावत रखने सहित अन्य को लेकर आंदोलन पर चर्चा हुई। 24 अगस्त तक वर्क टू रूल अर्थात सुबह आठ बजे से शाम पांच बजे तक कार्य करने के निर्णय से अवगत कराया गया। 25 से 31 अगस्त तक समस्त क्षेत्रीय मुख्यालयों पर क्रमिक अनशन किया जाएगा। फिर भी मांगें पूरी न हुई तो 5 सितंबर से संगठन के शत प्रतिशत सदस्यों की गिरफ्तारी तक जेल भरो आंदोलन होगा। बैठक की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष सतवीर सिंह ने की। बैठक में इं.अंशुल शर्मा, ललतेश यादव, अक्षय कुमार, अरविंद कुमार, आरसी सिंह, मुन्नीलाल, वीनेश मलिक सहित अन्य अवर अभियंता मौजूद थे।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें