अलीगढ़। लू के थपेड़े व भीषण गर्मी से डायरिया ड्रिहाइड्र्ेशन, पेट दर्द व बुखार के मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है। डायरिया ने शाहजमाल क्षेत्र के एक व्यक्ति की जान ले ली। सोमवार को अधिकतम तापमान 45.9 और न्यूनतम 31.9 डिग्री सेल्सियस रहा।
लू के थपेड़ों से उल्टी दस्त, पेटदर्द व तेज बुखार के रोगियों की भरमार है। निजी नर्सिंग होम हों या क्लीनिक अथवा सरकारी अस्पताल, सभी का यही हाल है। डायरिया होने पर शाहजमाल निवासी अहमद सईद को मलखान सिंह जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। डायरिया से हुए ड्रिहाइड्रे्ेशन के कारण डॉक्टरों के प्रयास भी सईद को जीवनदान नहीं दे सके और उसने दम तोड़ दिया।
जिला अस्पताल में डायरिया व बच्चा वार्ड एकदम फुल जैसी स्थिति में है तो डीडी अस्पताल में भी जब वार्डों में जगह नहीं होती है तो एक रिजर्व वार्ड को खोल दिया जाता है। अस्पतालों में एक समस्या आ रही है कि उल्टी दस्तों से पीड़ित मरीज ठीक होने के बाद भी छुट्टी लेकर जाना नहीं चाहता है। तीमारदारों की कोशिश रहती है कि वह एकदम ठीक होने पर ही अस्पताल से जाए। इसके लिए वह डाक्टरों से सिफारिश कराते देखे जाते हैं।
डीडी अस्पताल के सीएमएस डा.बालकिशन का कहना है कि मरीजों को वापस नहीं किया जा रहा है। यदि वार्ड में बेड खाली नहीं है तो नया वार्ड खुलवा देते हैं, इसके साथ ही मरीजों की छुट्टी होती रहती है और बेड खाली होते रहते हैं।