अलीगढ़। जीटी रोड बाईपास पर अब गभाना में टोल टैक्स लगाने की तैयारी शुरू हो गई। इसके लिए केंद्रीय भूतल परिवहन मंत्रालय को प्रस्ताव भेज दिया गया है। वहां से मंजूरी मिलते ही इसको चालू कर दिया जाएगा। संकेत मिले हैं कि जून के अंत या फिर जुलाई के पहले सप्ताह से टोल लगाने की अधिसूचना जारी कर दी जाएगी।
केंद्रीय भूतल परिवहन मंत्रालय की योजना है कि टोल टैक्स गभाना और सिकंदराबाद स्थित टोल प्लाजा पर लगाया जाए। इन दोनों टोलों पर टोल की राशि कितनी होगी, इस बारे में अभी कोई फैसला नहीं हो सका है। नेशनल हाईवे के अधिकारियों का कहना है कि गभाना और सिकंदराबाद टोल प्लाजा बनकर तैयार हो गया है। जिसे नेशनल हाईवे के अधिकारी अंतिम रूप देने में जुटे हुए हैं। टोल के लिए मशीनें भी आ गईं हैं, जिनको केंद्रीय भूतल परिवहन मंत्रालय से अनुमति मिलने के बाद स्थापित करा दिया जाएगा। मौजूदा समय में नेशनल हाईवे ने अलीगढ़ से बुलंदशहर तक सड़क को फोर लेन बना दिया है। सिकंदराबाद और गाजियाबाद तक इस मार्ग को बनाने का काम तेजी से चल रहा है। संकेत मिले हैं कि जल्द ही इस सड़क का निर्माण पूरा हो जाएगा। केंद्र सरकार ने नेशनल हाईवे के बाईपास को टोल से मुक्त रखा है। इसका निर्माण जून तक पूरा होने के संकेत मिले हैं। उसी के बाद इस बाईपास पर वाहन दौड़ने लगेंगे।