अलीगढ़। अलीगढ़ और आसपास के जिलों के लोगों के लिए राहत और खुशी की खबर है कि गाजियाबाद से एटा, आगरा, मथुरा तथा खैर जाने के लिए जाम से जूझना नहीं पड़ेगा। केंद्रीय भूतल परिवहन मंत्रालय ने 18 किलोमीटर के इस बाईपास पर वाहनों को बिना टैक्स दौड़ाने की हरी झंडी दे दी है। निर्माण लगभग पूरा हो गया है। सड़क पर अंतिम तारकोल सतह बिछाने और दोनों किनारों पर फैंसिंग का काम तेजी से चल रहा है। यह भी 20 दिन में पूरा हो जाएगा। भरतरी से बोरना तक बाईपास की कुल लंबाई 20 किलोमीटर है। भरतरी से तीन किलोमीटर आगे बढ़ते ही गोंडा रोड बाईपास है। पांचवें किलोमीटर पर खैर बाईपास चौराहा आ जाता है। आठवें किलोमीटर पर आगरा जाने के लिए नगला मंदिर का मोड़ आता है। 12वें किलोमीटर पर दाउद खां रेलवे स्टेशन का रास्ता मिलता है। 18वें किलोमीटर पर बोरना पहुंचते ही बाईपास खत्म हो जाता है। लिंक रोड से मथुरा, आगरा, एटा, खैर, अतरौली, नरौरा, यमुना एक्सप्रेसवे और गोंडा के लिए बिना जाम के निकला जा सकता है। गाजियाबाद की ओर जाने के लिए गभाना और दादरी पर ही टोल लगेगा। इन स्थानों पर टोल प्लाजा बन रहा है। गभाना के निकट ओवरब्रिज 80 पीसदी पूरा हो गया है, बचा हुआ काम मई अंत तक पूरा होगा। रोड सर्वे आफ इंडिया ने तीन साल पहले महानगर का ट्रैफिक सर्वे किया था। सर्वे में खुलासा हुआ कि बाहर के वाहनों के लिए बाईपास बन जाए तो शहर के अंदर 30 से 35 फीसदी ट्रैफिक लोड कम हो जाएगा। अब बाईपास बन गया है। इसके चालू होने पर भारी वाहनों का कम से कम 30 फीसदी ट्रैफिक कम हो जाएगा। शहर में भी जाम से बड़ी राहत मिलेगी। आगरा रोड के मडराक टोल पर नेशनल हाईवे के अधिकारियों ने बाइक को शतप्रतिशत छूट दे दी है। किसानों के ट्रैक्टर, ट्राली तथा अन्य वाहनों के आवागमन पर छूट होगी। सिटी बस सेवा को भी रियायत प्रदान की गई है।