गभाना। सोमना फाटक के पास एक रेलवे कर्मी की बाइक की डिग्गी से बाइकर्स ने ढाई लाख रुपये पार कर दिए। वारदात उस समय हुई जब कर्मी बाइक खड़ी कर लघुशंका के लिए गया था। पीड़ित ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। चंडौस के गांव चांदनेर निवासी भगवती पुत्र हरी सिंह हरदुआगंज रेलवे स्टेशन पर संटमैन के रूप में तैनात है। वह शुक्रवार को गभाना की भारतीय स्टेट बैंक में रुपये निकालने गया। उसने ढाई लाख रुपये निकाले और अपनी बाइक की डिग्गी में रख लिए। सोमना फाटक बंद होने के कारण वह बाइक खड़ी कर लघुशंका करने चला गया। इसी दौरान बाइक सवार दो युवक डिग्गी से रुपये निकालकर भाग गए। वहां बैठे चाय वाले ने युवकों का पीछा भी किया लेकिन वह तब तक दूर निकल गए। पीड़ित ने इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।