अलीगढ़ (ब्यूरो)। धनतेरस पर बाजार की सुस्ती टूटी और जमकर खरीदारी हुई। धनतेरस अलीगढ़ का बाजार शाम तक करोड़ों का आंकड़ा छू चुका था। भीड़ को देखते हुए दिवाली तक 300 करोड़ तक खरीदारी की उम्मीद की जा रही है। सेंसेक्स बाजार 21 हजार तक चढ़ा तो शेयर निवेशकों के चेहरे खिल गए। इससे अलीगढ़ के निवेशकों को तकरीबन 40 करोड़ रुपये का अप्रत्यक्ष रूप से बड़ा लाभ हुआ है।
शुक्रवार सुबह से ही रेलवे रोड, सराफा बाजार, फूल चौराहा, सेंटर प्वाइंट आदि प्रमुख बाजारों में जबरदस्त सजावट हुई। जानकारों की मानें तो अलीगढ़ जनपद में दिवाली के मौके पर 300 करोड़ से ज्यादा का कारोबार होने की उम्मीद है। धनतेरस के मौके पर बाजार की झोली में महालक्ष्मी ने कई करोड़ की धनवर्षा की है।
इस बार ऑटो सेक्टर ने ज्यादा तेजी दिखाई दी। जिले में धनतेरस पर 100 करोड़ के बाइक, स्कूटर, कार और दूसरे वाहन बिके। करोड़ों के सिक्के और जेवरातों की विक्री हुई। वाशिंग मशीन, टीवी, एलईडी, एलसीडी, फ्रिज, माइक्रोवेब मोबाइल, म्यूजिक सिस्टम, आदि भी जमकर खरीदे गए। इलेक्ट्रिकल्स गुड्स, झालर और बिजली की फिटिंग के दूसरे आइटमों से भी बाजार को मोटा मुनाफ हुआ। बर्तन, कपड़े, कॉस्मेटिक, किराना, मिठाई, आतिशबाजी, सजावट के सामान, फल, फूल, सब्जी और दूसरे आइटमों से बाजार को कई करोड़ रुपये तक मिले हैं। महंगाई के कारण इस बार बाजार में खरीदार तो कम रहे, लेकिन खर्च होने वाली रकम बढ़ने से यह आंकड़ा कई सौ रोड़ तक पहुंच गया। जानकारों की मानें तो दिवाली तक 50 करोड़ की फुटकर दुकानदारी और होने की उम्मीद है।