अलीगढ़ (ब्यूरो)। अपना अहिल्याबाई होल्कर स्पोर्ट्स स्टेडियम 25 वर्ष का हो गया है। 28 जुलाई 2013 को इसने अपने 25 वर्ष पूरे किए। सैकड़ों खिलाड़ियों को बुलंदी पर पहुंचाकर इसने अपना एक स्वर्णिम इतिहास बनाया है। 30 अगस्त को स्टेडियम के नाम एक और बहुत बड़ी उपलब्धि जुड़ने जा रही है। इस तिथि से यहां अब तक के सबसे बड़े आयोजन ‘नॉर्थ जोन जूनियर एथलीट मीट’ का शुभारंभ होने जा रहा है। हजारों लोग इस शानदार आयोजन के गवाह बनेंगे। सोने पर सुहागा यह है कि ‘नॉर्थ जोन जूनियर एथलीट मीट’ की भी सिल्वर जुबली यहीं पूरी होगी, स्टेडियम प्रशासन इस आयोजन को यादगार बनाने के लिए पूरी तैयारी में जुटा है।
जिला स्पोर्ट्स स्टेडियम आरईएस विभाग की ओर से बनवाया गया। 28 जुलाई 1988 को आरईएस ने इसे खेल विभाग को सौंपा। तब एचएस मिश्रा जिला क्रीड़ा अधिकारी थे। समय बीतने के साथ-साथ इसका विकास होता गया। वर्ष 1991 में यहां जिला बैडमिंटन हॉल बना, जिसका लोकार्पण तत्कालीन मुख्यमंत्री कल्याण सिंह ने किया। वर्ष 1996 जिम्नेजियम का लोकार्पण तत्कालीन खेल राज्यमंत्री ठा. दलवीर सिंह ने किया। 2005 में टेनिस कोर्ट बनने से इसकी खूबसूरती और बढ़ गई। 2012 में इसे सिंथेटिक बास्केटबॉल कोर्ट को तोहफा मिला। वर्तमान जिला क्रीड़ा अधिकारी आले हैदर के देखरेख में बने 10 मीटर एयर पिस्टल शूटिंग रेंज का उद्घाटन डीएम राजीव रौतेला ने किया तो यहां यहां के सैकड़ों निशानेबाजों का दिल बाग-बाग हो गया। उन्हें अपना सपना पूरा होता दिखाई दे रहा है।