इगलास (अलीगढ़)। मथुरा रिफाइनरी से आने वाले टैंकर से सािथनी में तेल चोरी का पुलिस ने भंडाफोड़ कर दिया। पुलिस ने छापा मारकर टैंकर, एक बाइक और तेल निकालने वाले उपकरणों को जब्त कर लिया है। टैंकर चालक, हेल्पर और कुछ अन्य लोग मौके से फरार हो गए। पुलिस मामले में जांच कर रही है।
एसपीआरए आशाराम यादव ने बताया कि मंगलवार शाम को मुखबिर ने उन्हें सूचना दी कि अलीगढ़-मथुरा रोड पर सािथनी के पास एक ढाबे पर टैंकर से डीजल की चोरी की जा रही है। इस पर वह पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए। यहां कुछ लोग एक टैंकर के मैनीफोल्ड बॉक्स में गट्टा लगाकर तेल निकाल रहे थे। पुलिस को देख तेल का खेल करने वाले माफिया मौके से भाग गए। टैंकर चालक और क्लीनर भी मौके से भाग गए। पुलिस ने वहां से टैंकर, दो चारपाई, तेल निकालने के लिए प्रयोग की जाने वाली पाइप, कीप, कैन और एक मोबाइल बरामद किया है। एसपीआरए ने पुलिस को तेल माफिया के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई के निर्देश दिए है। विदित रहे कि अलीगढ़-मथुरा मार्ग पर राया से निकलते ही तेल की कालाबाजारी का खेल शुरू हो जाता है। तेल माफिया ढाबा व अन्य स्थानों पर रिफायनरी से जाने वाले तेल के टैंकर चालकों से सस्ते दाम में तेल खरीद लेते हैं।