अलीगढ़। क्रिकेट के खुमार से अलग अब अन्य खेलों में भी रुझान बढ़ रहा है। इसकी झलक शनिवार को जिला स्पोर्ट्स स्टेडियम में फुटबॉल खिलाड़ियों की उमड़ी भीड़ के रूप में देखी गई। यहां पर मंडलीय फुटबॉल टीम के गठन के लिए फुटबॉल खिलाड़ियों को ट्रायल के लिए बुलाया गया था। जिला फुटबॉल संघ के सचिव तौफीक अहमद ने बताया कि लगभग 200 खिलाड़ी ट्रायल पर आए। ट्रायल पर इतने खिलाड़ियों का आना स्थानीय फुटबॉल के लिए सुखद संकेत है। 2 दिसंबर को पीलीभीत में उत्तर प्रदेश फुटबॉल संघ और प्रदेश खेल निदेशालय के संयुक्त तत्वावधान में राज्य स्तरीय फुटबॉल प्रतियोगिता आयोजित हो रही है। पहला ही मैच अलीगढ़ मंडल की टीम के साथ होगा। तौफीक अहमद कहते हैं कि उनका उद्देश्य ऐसी टीम तैयार करना है, जिसमें मैदान के हर क्षेत्र में खेलने वाले खिलाड़ी मौजूद हों। ट्रायल के दौरान एक से बढ़कर एक प्रतिभावान खिलाड़ी सामने निकल कर आए हैं। इस अवसर पर फुटबाल संघ के अध्यक्ष डॉ. रक्षपाल सिंह, उप जिला क्रीड़ा अधिकारी अमित कुमार, दानिश आदि मौजूद थे।