अलीगढ़ (ब्यूरो)। महानगर के नगला मान सिंह इलाके में मंगलवार को दिवाली पर सजे जुआ के फड़ पर दबिश देने गई गांधी पार्क पुलिस पर जुआरियों ने पथराव कर दिया। जुआरियों के समर्थन में इलाके के लोग भी आ गए थे। इस हरकत पर एकबारगी पुलिस के हाथ पांव फूल गए। बाद में पुलिस को मजबूरन लाठीचार्ज करना पड़ा। इस दौरान बाकी लोग तो भाग गए। मगर एक आरोपी को पुलिस ने दबोच लिया, जिसके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसे जेल भेज दिया है।एसओ गांधी पार्क जितेंद्र कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम नगला मान सिंह में दुपहर बाद दबिश देने गई थी। जैसे ही पुलिस पहुंची, तभी कुछ लोगों ने विरोध किया और घेरकर पथराव शुरू कर दिया। इस पर एसओ ने और फोर्स कॉल कर लिया। इसके बाद पब्लिक को तितर-बितर करने के लिए लाठीचार्ज कर दिया। इस दौरान गुड्डू उर्फ भगवान पुत्र राम सिंह निवासी नगला मान सिंह पुलिस के हत्थे चढ़ गया, जबकि अन्य लोग फरार हो गए। इसके बाद पुलिस ने रात में भी इलाके में दबिश दी, लेकिन कोई नहीं मिला।
इस संबंध में सब इंस्पेक्टर अशोक कुमार की ओर से गुड्डू सहित आठ नामजद व 15-20 अज्ञात के खिलाफ पुलिस पर हमला, सरकारी कार्य में बाधा आदि धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया गया है।