न्यूज डेस्क, अमर उजाला, अलीगढ़।
एएमयू के पूर्व मीडिया सलाहकार डॉ. जसीम मोहम्मद ने केंद्रीय मानव संसाधन मंत्री प्रकाश जावडेकर से उनके मंत्रालय में भेंट करके एएमयू और उसके केन्द्रों विशेषरूप से मल्लापुरम केन्द्र के लिए अनुदान जारी करने की मांग की। इसके साथ ही एएमयू की वर्तमान स्थिति से अवगत कराया।
डॉ. जसीम मोहम्मद ने बताया कि वर्तमान समय में एएमयू और उसके मल्लापुरम केन्द्र वित्तीय संकट से गुजर रहे है। एएमयू परिसर में शैक्षिक और कानून व्यवस्था चिंताजनक है।
उन्होंने बताया कि वे शीघ्र ही मानव संसाधन विकास मंत्री के निर्देशानुसार एएमयू में वर्तमान परिस्थितियों पर एक विस्तृत रिपोर्ट तैयार करके उन्हें प्रेषित करेंगे। डॉ. जसीम ने प्रकाश जवाडेकर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस पर एक कॉफी टेबल बुक की प्रति भेंट की।