क्राइम न्यूज, अमर उजाला, अलीगढ़।
अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय के मुख्यद्वार बाब-ए-सैयद पर छात्र नेता अजय सिंह द्वारा लगाया गया पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी का पोस्टर हटा दिया गया है। एएमयू के कुछ छात्र अजय सिंह के खिलाफ कार्रवाई के लिए प्रॉक्टर आफिस पर दबाव बना रहे हैं। छात्रों ने प्रॉक्टर के माध्यम से थाना सिविल लाइन में अजय सहित अन्य कई छात्रों के खिलाफ तहरीर दी गई है।
प्रॉक्टर से अनुमति नहीं मिलने के बाद एएमयू के विधि विभाग के छात्र अजय सिंह ने सोमवार शाम को कैंपस में अटल पीस मार्च निकाला था। उन्होंने बाब-ए-सैयद पर अटल बिहारी वाजपेयी का पोस्टर भी लगाया था। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद ही बाब-ए-सैयद से अटल बिहारी वाजपेयी का पोस्टर हटा दिया गया।
इस संबंध में अजय सिंह का कहना है कि प्रॉक्टर आफिस के अधिकारी पोस्टर उतार कर ले गए हैं। इस संबंध में डिप्टी प्रॉक्टर प्रो. महमूद एस खान का कहना है कि पोस्टर हटाने की जानकारी नहीं है। उन्होंने कहा कि ऐसा हो सकता है कि श्रद्धांजलि हो जाने के बाद प्रॉक्टोरियल टीम के सदस्यों ने पोस्टर हटा दिया हो।
पीस मार्च को लेकर आरोप-प्रत्यारोप
अजय सिंह के खिलाफ कार्रवाई को लेकर एएमयू के कुछ नेता छात्रों को गोलबंद करने का प्रयास कर रहे हैं। छात्रों के एक समूह द्वारा अजय सिंह एवं उनके साथियों के खिलाफ प्रॉक्टर आफिस के माध्यम से थाने में तहरीर दी गई है। इन छात्रों का तर्क है कि अजय सिंह ने बिना अनुमति कैंपस में मार्च निकालकर माहौल खराब करने का प्रयास किया है।
उनका यह भी कहना है कि पूर्व प्रधानमंत्री पर टिप्पणी करने वाले छात्र उमर राना के खिलाफ एफआईआर दर्ज हो सकती है एवं प्रॉक्टर आफिस द्वारा कारण बताओ नोटिस जारी किया जा सकता है तो अजय सिंह के खिलाफ कार्रवाई क्यों नहीं हो रही है।
वहीं अजय सिंह का कहना है कि वह भी एएमयू के छात्र है लेकिन उनके साथ हमेशा भेदभाव क्यों किया जाता है। छात्र के नाते एएमयू में उनका भी अधिकार है। एएमयू के डिप्टी प्रॉक्टर प्रो. महमूद एस खान ने बताया कि अभी तक अजय सिंह को नोटिस नहीं दिया गया है। छात्रों के तहरीर को सोमवार को ही थाने को भेज दिया गया है।