न्यूज डेस्क, अमर उजाला, अलीगढ़।
डिजीटल इंडिया मिशन के छात्रों के बाद अब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बुधवार आज सुबह साढ़े नौ बजे किसानों से अपने मन की बात कहेंगे। इस दौरान वह किसानों से बात कर उनकी समस्याओं की जानकारी लेंगे तो उन्हें अपना व्यवसाय बढ़ाने की कीमती सलाह भी देंगे।
यह जानकारी देते हुए जिला सूचना विज्ञान अधिकारी प्रवीण सिंह ने बताया कि प्रधानमंत्री डिजिटल इंडिया के अंतर्गत संचालित कामन सर्विस सेंटरों के संचालकों के माध्यम से 20 जून को प्रात: 9:30 बजे देश के किसानों से सीधा संवाद करेंगे।
कार्यक्रम का सीधा प्रसारण कामन सर्विस सेंटरों पर नमो ऐप, दूरदर्शन और एनआईसी में वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से होगा। जिले के सभी कॉमन सर्विस सेंटर के संचालक अपने आसपास के किसानों को सेंटर पर एकत्रित करते हुए कार्यक्रम में प्रतिभाग करने के साथ ही नमो ऐप की जानकारी आम जन को प्रदान करेंगे।
जिले के किसान बंधु अपने गांव के नजदीकी कामन सर्विस सेंटरों पर जाकर प्रधानमंत्री द्वारा की जाने वाली मन की बात कार्यक्रम का लाभ लें। उप कृषि निदेशक के साथ लगभग 25 किसान एनआईसी के वीडियो कांफ्रेंसिंग कक्ष में कार्यक्रम में उपस्थित रहेंगे।