न्यूज डेस्क, अमर उजाला, अलीगढ़।
तहसीलों में एसडीएम एवं तहसीलदार पद संभाल रहे अफसर अब अपनी अपनी तहसीलों में ही बने आवासों में रहेंगे। उनके कार्यों की गुणवत्ता को दुरुस्त करने एवं जन सुविधा के लिए डीएम ने इसके आदेश कर दिए हैं। उन्होंने सभी एसडीएम एवं तहसीलदारों से महानगर के अपने आवास खाली कर तहसीलों में ही डेरा जमाने को कहा है।
जिले की पांचों तहसीलों के एसडीएम एवं तहसीलदारों के निवास महानगर में ही हैं। ज्यादातर एसडीएम एवं तहसीलदार लाल डिग्गी स्थित आफिसर्स कालोनी में ही निवास करते हैं। कुछ ने नुमाइश गेस्ट हाउस में बने मकानों में डेरा डाल रखा है।
शाम होते ही सभी अपनी-अपनी तहसीलों को छोड़कर घर आ जाते थे। इससे देर सायं एवं रात में कोई समस्या होने पर इन सभी अफसरों को या तो अपने अधीनस्थों पर निर्भर रहना पड़ता था या फिर उन्हें घटनास्थल पर पहुंचने में घंटों सफर करना पड़ता था।
इस समस्या से निपटने एवं तहसील क्षेत्र में रहने वाली जनता की सुविधा के लिए डीएम चंद्रभूषण सिंह ने सभी एसडीएम एवं तहसीलदारों को अपनी-अपनी तहसीलों में ही निवास करने की हिदायत दी है। साथ ही महानगर स्थित अपने आवासों को छोड़ने के आदेश जारी किए हैं।