न्यूज डेेस्क, अमर उजाला, अलीगढ़।
अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय के स्कूलों में कक्षा 9 में दाखिले के लिए बच्चों के बीच कांटे का मुकाबला है। छात्र एवं छात्राओं को मिलाकर कुल 420 सीटों के विरुद्ध 14409 परीक्षार्थी मैदान में हैैं। यानी एक-एक सीट के लिए 34 से भी अधिक छात्रों के बीच मुकाबला है। सुनहरे भविष्य का सपना संयोग कर उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों के अतिरिक्त बिहार, झारखंड एवं दूसरे अन्य कई प्रदेशों के बच्चे शामिल हुए।
सुबह 10 से 12 बजे के बीच 35 केंद्रों पर प्रवेश परीक्षा का आयोजन किया गया। कुल 15 हजार 985 छात्र-छात्राओं ने आवेदन किया था, जबकि कक्षा 9 में सीटों की संख्या 420 है।
1576 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे और 14409 परीक्षा में शामिल हुए। स्कूल शिक्षा निदेशालय के निदेशक प्रो. असफर अली खान आदि ने परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि परीक्षा शांतिपूर्ण संपन्न हुई। कई केंद्रों पर अभिभावकों के बैठने के लिए टेंट एवं कुर्सी का इंतजाम था, लेकिन पानी की कमी की वजह से अभिभावक बेहद परेशान हुए।
प्रमुख परीक्षा केंद्र
वीमेंस कॉलेज, आर्ट्स फैकल्टी, (एक्सटेंशन), फाइन आर्ट, इंजीनियरिंग कॉलेज, एके तिब्बिया कॉलेज, यूनिवर्सिटी पालीटेक्निक, एसटी स्कूल, सिटी स्कूल, एएमयू गर्ल्स स्कूल, अहमदी स्कूल, सीनियर सेकेंडरी स्कूल ब्वायज/गर्ल्स, लैक्चर कांपलैक्स साइंस फैकल्टी, सिविल इंजीनियरिंग विभाग, गणित विभाग, शिक्षा विभाग, कॉमर्स विभाग, फिजिक्स विभाग, केमिस्ट्री विभाग, ज्योलोजी विभाग, जंतु विज्ञान, बॉटनी विभाग, स्टैटिक विभाग तथा एएमयू एबीके हाई स्कूल गर्ल्स व ब्वायज, वीमेंस पालीटेक्निक, अलीगढ़ पब्लिक स्कूल, डिपार्टमेंट ऑफ बिजनेस एडमिनिस्ट्रेशन, फिजिकल हेल्थ एजूकेशन, आर्किटेक्चर, फैकल्टी ऑफ लॉ, अलबरकात पब्लिक स्कूल आदि।