न्यूज डेस्क, अमर उजाला, अलीगढ़।
मीनाक्षी पुल से लेकर रामघाट तक रामघाट रोड के निर्माण के लिए टेंडर 10 से 15 दिन के अंदर होने की उम्मीद है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रमुख सचिव को जल्द से जल्द टेंडर निकालने का निर्देश दे दिया है।
सोमवार को लखनऊ में मुख्यमंत्री आदित्यनाथ योगी ने अलीगढ़ लोकसभा क्षेत्र के सांसद सतीश कुमार गौतम, शहर विधायक संजीव राजा, कोल विधायक अनिल पाराशर, बरौली विधायक ठाकुर दलवीर सिंह एवं खैर विधायक अनूप प्रधान के साथ बैठक कर स्थानीय मुद्दाें पर एक घंटे तक चर्चा की और सुझाव मांगे।
सांसद सतीश कुमार गौतम ने बताया कि मुख्यमंत्री के साथ बहुत अच्छी बैठक हुई। 10-15 दिन के अंदर रामघाट रोड का टेंडर होगा। इससे संबंधित आदेश मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को कर दिया है। इसके अतिरिक्त अलीगढ़ टप्पल को अतिशीघ्र फोर लेन पूर्ण कराया जाए।
दीनदयाल उपाध्याय एवं जिला अस्पताल को अपग्रेड करने का सुझाव भी स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने दिया। इसके साथ ही शहर को जाम की समस्या से निजात दिलाने के लिए रोडवेज बस स्टैंड को शहर से बाहर करने एवं महानगर में दो ऊपरगामी पुल बनाने की मांग की।
शहर विधायक संजीव राजा व अन्य ने अलीगढ़ में राजकीय विश्वविद्यालय की स्थापना की मांग की। जब तक विश्वविद्यालय नहीं बन जाता तब तक प्रशासनिक कार्यालय अलीगढ़ में बनाने की मांग की।
शहर विधायक ने अलीगढ़ को औद्योगिक शहर घोषित करने एवं सारसौल स्थित फलमंडी को धनीपुर स्थानांतरित करने की मांग की। बुलंदशहर जिले में जहांगीर चीनी मिल चालू कराने की भी मांग नेताओं ने मुख्यमंत्री से की। इससे खैर एवं टप्पल के किसानों को काफी फायदा होने की उम्मीद है।
गन्ना मंत्री द्वारा इस मिल कर निरीक्षण जल्द किया जाएगा। जल्द ही अलीगढ़ में गोशाला निर्माण भी किया जाएगा। अलीगढ़ में खाद्य प्रयोगशाला, अचल सरोवर एवं नई बस्ती स्थित सरोवर को पिकनिक स्पॉट घोषित करने, गिलहराज मंदिर, खैरेश्वर एवं बेसवा को तीर्थस्थल घोषित करने की मांग शहर विधायक ने की। नेताओं ने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बड़े गौर से सभी मुद्दों को सुना एवं छोटे-छोटे बिंदुओं पर चर्चा की।