बजट के अभाव में स्टेट बॉक्सिंग प्रतियोगिता पर संशय
ब्यूरो, अमर उजाला, अलीगढ़।
स्टेडियम में 28 से 31 दिसंबर तक होने वाली जूनियर बालिका स्टेट बॉक्सिंग प्रतियोेगिता पर बजट के अभाव में संशय के बादल मंडराने लगे हैं।
ढाई महीने तक लगातार खेल निदेशालय को लिखा-पढ़ी करने के बाद भी कोई सकारात्मक जवाब नहीं मिला है, जबकि प्रतियोगिता शुरू होने में महज छह दिन ही बचे हैं, लेकिन न तो रिंग की मरम्मत हो सकी और न ही नए रिंग के लिए खेल निदेशालय से बजट आवंटित हो सका। हालांकि, रिंग की स्थिति के बारे में खेल निदेशालय को पता है।
एक अक्तूबर से 21 दिसंबर तक लगातार क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी कार्यालय से खेल निदेशालय को पत्राचार हो रहे हैं। यही नहीं खेल निदेशालय के उच्चाधिकारियों से उप कीड़ा अधिकारी अश्वनी कुमार त्यागी मुलाकात भी कर चुके हैं। गुरुवार को खेल निदेशालय को भेजे गए पत्र में बदहाल रिंग के चलते प्रतियोगिता के आयोजन में असमर्थता जता दी गई है।
उधर, क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी रानी प्रकाश का कहना है कि खेल निदेशालय को पत्राचार किया जा चुका है, जिसमें कहा गया है कि ऐसी सूरत में प्रतियोगिता संभव नहीं है। उन्होंनेे कहा कि प्रतियोगिता के बाबत जिला बॉक्सिंग संघ ने मदद करने का आश्वासन दिया था, लेकिन उन्होंने अब इसमें असमर्थता जता दी है।
पांच मुक्केबाजों का चयन
28 से 31 दिसंबर तक होने वाली जूनियर बालिका स्टेट बॉक्सिंग प्रतियोेगिता के लिए पांच मुक्केबाजों का चयन किया गया। 46 किलोग्राम भार वर्ग में कंचन शर्मा, 51 में लवी, 54 में चंचल शर्मा, 57 में सावित्री कुमारी, 60 में तनु ने बाजी मारी है। कुल 10 मुक्केबाज ट्रायल में शामिल हुए। इस मौके पर क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी रानी प्रकाश, बॉक्सिंग प्रशिक्षक पूनम शर्मा मौजूद रहीं।
-सहारनपुर में पंडित दीन दयाल उपाध्याय जन्मशती के उपलक्ष्य में राज्य स्तरीय टेबल टेनिस प्रतियोगिता में लखनऊ ने 3-2 हराया।