एएमयू छात्र संघ का अधिष्ठापन समारोह कल
ब्यूरो, अमर उजाला अलीगढ़।
अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय छात्र संघ के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का अधिष्ठापन समारोह शुक्रवार को 2.30 बजे से एथलेटिक्स ग्राउंड में आयोजित किया जाएगा। इसकी जानकारी एएमयू छात्र संघ के अध्यक्ष मशकूर अहमद उस्मानी एवं छात्र संघ कार्यालय के तारिक हुसैन ने दी। वहीं छात्र संघ के नवनिर्वाचित पदाधिकारी गुरुवार को विजय जुलूस निकालेंगे।
नवनिर्वाचित अध्यक्ष मशकूर अहमद उस्मानी ने बताया कि अधिष्ठापन समारोह की तिथि एवं समय निर्धारित कर दिया है। एएमयू छात्र संघ के पूर्व सचिव सलीम पीरजादा के इंतकाल की दुखद घटना के बाद बुधवार को विजय जुलूस का कार्यक्रम स्थगित कर दिया गया। अब विजय जुलूस गुरुवार को सर सैयद हॉल नार्थ से दोपहर दो बजे से निकाला जाएगा।
उन्होंने बताया कि छात्र संघ के पदाधिकारियों के अधिष्ठापन समारोह में वीमेंस कॉलेज स्टूडेंट यूनियन की नवनिर्वाचित अध्यक्ष नबा नसीम को भी आमंत्रित किया गया है। वीमेंस कॉलेज स्टूडेंट यूनियन की अध्यक्ष एएमयू छात्र संघ की मानक सदस्य होती हैं। वहीं वीमेंस कॉलेज में अधिष्ठापन समारोह की तिथि गुरुवार को घोषित होने की उम्मीद है।
फोटो
डायनिंग के खाने से संतुष्ट नहीं उपाध्यक्ष सज्जाद
अलीगढ़। एएमयू छात्र संघ के नवनिर्वाचित उपाध्यक्ष सज्जाद सुभान राथर हॉलों के खाने से संतुष्ट नहीं हैं। उपाध्यक्ष निर्वाचित होने के एक दिन बाद सज्जाद एमएम हॉल के डायनिंग में पहुंच गए और खाने का स्तर देखकर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि छात्रों को परोसा जा रहा खाना संतोषजनक नहीं है। इसमें सुधार की जरूरत है।