स्कूल की ड्रेस में मानक का ध्यान रखने के आदेश
ब्यूरो, अमर उजाला, अलीगढ़।
परिषदीय स्कूलों के बच्चों को मानक के अनुसार ही यूनिफॉर्म दी जाए और इसकी गुणवत्ता में किसी भी तरह की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यह चेतावनी डीएम ऋषिके श भास्कर याशोद ने कलेक्ट्रेट में हुई बैठक में दी।
बैठक में सीडीओ की अध्यक्षता में समिति भी बना दी गई और निर्देश दिए कि समिति मानक के हिसाब से सैंपल तय करेगी। जिला स्तर के अलावा ब्लॉक स्तर पर भी समिति गठित करने के निर्देश डीएम ने दिए।
डीएम ने एक जुलाई से शुरू होने वाले स्कूल चलो अभियान के बारे में भी निर्देश दिए। उन्होंने सभी बीईओ को कहा कि वह शिक्षकों कोे निर्देशित करें कि घर-घर जाकर अभिभावकों से बात कर बच्चों को स्कूल भेजने के लिए प्रेरित करें।
बताते है कि बैठक में बीईओ जब नवीन नामांकित बच्चों की संख्या नहीं पता पाए तो डीएम नाराज हुए। बैठक में मौजूद ब्लॉक प्रमुखों ने भी इस पर कड़ी नाराजगी जताई कि खंड शिक्षा अधिकारियों को नये बच्चों के नामांकन की संख्या नहीं मालूम।
इस पर डीएम ने फिर से अभियान को लेकर रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा। बैठक में सीडीओ दिनेशचंद, मुख्य कोषाधिकारी, सहायक वित्त एवं लेखाधिकारी बीबी पांडेय, ब्लॉक प्रमुख व अन्य अधिकारी व ब्लॉक प्रमुख मौजूद थे।
बैग, जूते-मौजे के लिए नहीं आया बजट
शासन ने सभी स्कू ली बच्चों को 15 जुलाई तक यूनिफॉर्म वितरण के लिए निर्देश दिए हैं लेकिन अभी तक महज दस हजार बच्चों की यूनिफॉर्म के लिए ही बजट आया है।
करीब 2.31 लाख बच्चों की ड्रेस के लिए बजट की दरकार है। वहीं, अभी तक बैग, जूते-मौजे के लिए तो कोई बजट ही नहीं आया है। यहां से इसके लिए छात्र संख्या जरूर मांगी गई है। सहायक वित्त एवं लेखाधिकारी ने बताया कि यहां से छात्र संख्या भेजी जा चुकी है।