रोज कम से कम 25 मिनट करें योग
ब्यूरो, अमर उजाला अलीगढ़।
एएमयू कुलपति प्रो. तारिक मंसूर ने लोगों से रोज कम से कम 25 मिनट योग करने का आह्वान किया। उन्होंने यह भी कहा कि वह पिछले बीस सालों से योग करते आ रहे हैं और इसके अनेक लाभ हैं।
कुलपति प्रो. तारिक मंसूर बुधवार को एएमयू के शारीरिक शिक्षा विभाग में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। अध्यात्म पर विशेष काम करने वाले मनोविज्ञान विभाग के प्रो. अकबर हुसैन ने पतंजलि योग के अष्टांग योग पर विस्तार से प्रकाश डाला और उनके लाभों के बारे में बताया। अतिथियों का स्वागत विभागाध्यक्ष प्रो. बृजभूषण सिंह ने किया। इसी के साथ शारीरिक शिक्षा विभाग द्वारा अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर आयोजित सात दिवसीय कार्यशाला का समापन भी हुआ। योग दिवस पर आयोजित विभिन्न प्रतियोगिता के विजेताओं को अतिथियों द्वारा स्वागत किया गया।