गांधी पार्क बस अड्डे पर कोरोना जांच करती महिला स्वास्थ्यकर्मी।
- फोटो : CITY OFFICE
जनपद में राज्यमंत्री संदीप सिंह सहित रिकार्ड 87 लोग कोरोना वायरस की चपेट में आए हैं। 34 लोग स्वस्थ होकर अस्पताल से घर पहुुंच गए हैं। जनपद में सक्रिय मरीजों की संख्या 353 है।
बृहस्पतिवार को जेएन मेडिकल कॉलेज, पं. दीनदयाल उपाध्याय संयुक्त चिकित्सालय, प्राइवेट लैब एवं एंटीजन टेस्ट में 87 लोग संक्रमित पाए गए हैं।
संक्रमितों में प्रदेश के राज्यमंमंत्री संदीप सिंह भी शामिल है। इसके अतिरिक्त जजेज कंपाउंड के पांच, सूर्य सरोवर कॉलोनी के तीन, टप्पल के दो, शांतिधाम कॉलोनी के दो और आगरा रोड कल्याणपुरम के दो लोग संक्रमित हुए हैं। संक्रमित मरीजों को कोविड अस्पताल में भर्ती कराया जा रहा है। वहीं संपर्क में आए लोगों एवं घर के आसपास के लोगों का नमूना लिया जा रहा है। संक्रमित लोगों के घर एवं आसपास के क्षेत्र को नगर निगम द्वारा स्वच्छ किया जाएगा।
दीनदयाल के इमरजेंसी में दो की मौत
अलीगढ़। पं. दीनदयाल उपाध्याय संयुक्त चिकित्सालय के इमरजेंसी में पिछले 24 घंटे में दो लोगों की मौत हुई है। एक की रिपोर्ट निगेटिव है। जबकि दूसरे मृतक की रिपोर्ट का इंतजार है। गंभीर अवस्था में दोनो उपचार के लिए अस्पताल में आए थे।